मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं ऐतिहासिक, प्रत्येक वर्ग को मिलेगा लाभ - ऊर्जा मंत्री

अनन्य सोच, जयपुर। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को की गई घोषणाएं ऐतिहासिक हैं। यह सभी वर्गों के लिए लाभकारी साबित होंगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नए जिले बनाने की मांग को पूरा कर मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक तंत्र को और अधिक मजबूत किया है। 

उन्होंने नए जिले बनाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि इससे विकास के कार्य और आसानी से हो सकेंगे। आमजन के लिए प्रशासनिक कार्यों के संपादन में और आसानी होगी। 
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 76 लाख परिवारों को 500 रुपए में एलपीजी सिलेंडर देने की घोषणा की है। यह ऐतिहासिक और साहसिक कदम है। इस पर राज्य सरकार पर एक हजार करोड़ रुपए अतिरिक्त आर्थिक भार आएगा। इसी प्रकार मुफ्त बिजली का दायरा बढ़ाते हुए 50 से 100 यूनिट करने से एक करोड़ चार लाख परिवारों को राहत मिलेगी। 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट घोषणाओं और इसके पश्चात की गई घोषणाओं में प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखा है। साथ ही प्रदेश के समस्त क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।