स्वगणना अभियान में जयपुर बना नंबर-1 जनगणना संचालन 2026 में प्रदेशभर में सबसे आगे रहा जिला, कुल उपलब्धि में 22% योगदान

May 21, 2026 - 08:22
 0
स्वगणना अभियान में जयपुर बना नंबर-1 जनगणना संचालन 2026 में प्रदेशभर में सबसे आगे रहा जिला, कुल उपलब्धि में 22% योगदान

अनन्य सोच। जनगणना संचालन 2026 के तहत चलाए जा रहे स्वगणना अभियान में जयपुर जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले में अब तक 3.25 लाख से अधिक स्वगणना दर्ज की जा चुकी हैं, जो राजस्थान की कुल स्वगणना उपलब्धि का लगभग 22 प्रतिशत हिस्सा है। इस उपलब्धि ने जयपुर को राज्यभर में मॉडल जिले के रूप में स्थापित किया है।

जागरूकता अभियान बना सफलता की कुंजी

जिला प्रशासन द्वारा आमजन को स्वगणना के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की गईं। डिजिटल माध्यमों, कैंपेन, सोशल अवेयरनेस कार्यक्रमों और फील्ड लेवल संपर्क के जरिए लोगों को स्वगणना प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया गया। इसका सकारात्मक परिणाम यह रहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भागीदारी निभाई।

अधिकारियों के अनुसार जनगणना कार्मिकों और प्रशासनिक टीम की सक्रियता एवं समर्पण ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आमजन को स्वगणना प्रक्रिया आसान और सुलभ बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

मुख्य सचिव ने किया सम्मानित

इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जिला कलेक्टर संदेश नायक और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा को सम्मानित किया। दोनों अधिकारी जयपुर जिले के प्रधान जनगणना अधिकारी के रूप में अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।

आगे भी जारी रहेगा जागरूकता अभियान

जिला प्रशासन ने जनगणना 2026 के सफल संचालन के लिए भविष्य में भी जागरूकता और सुविधा गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का संकल्प जताया है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्वगणना प्रक्रिया में भाग ले सकें।