84 अरब से 1.2 ट्रिलियन डॉलर तक का सफर! अब गोयल ने ब्रिक्स देशों के सामने रखा बड़ा प्लान

Sep 12, 2026 - 22:27
Sep 12, 2026 - 23:13
 0
84 अरब से 1.2 ट्रिलियन डॉलर तक का सफर! अब गोयल ने ब्रिक्स देशों के सामने रखा बड़ा प्लान

अनन्य सोच। वैश्विक व्यापार में लगभग एक-चौथाई हिस्सेदारी रखने वाले BRICS देशों के लिए दिल्ली में एक बड़ा मंच सजा। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने यहां सदस्य देशों के सामने एक ऐसा प्रस्ताव रखा, जो आने वाले सालों में व्यापार की तस्वीर पूरी तरह बदल सकता है। जानिए आखिर क्या रहा इस बड़े आयोजन का सार।

गोयल ने रखी बाजार खोलने और पेमेंट सिस्टम जोड़ने की मांग

BRICS Business Forum के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने सदस्य देशों से आग्रह किया कि वे एक-दूसरे के लिए अपने बाजार खोलें और नियम-कानूनों को सरल बनाएं। उन्होंने खास तौर पर UPI का जिक्र किया, जिसके जरिए आज सालाना 250 अरब से ज्यादा लेनदेन होते हैं और जिसे अब तक 11 देशों में मान्यता मिल चुकी है। उन्होंने देशों से आपसी पेमेंट सिस्टम जोड़ने और लोकल करेंसी में व्यापार बढ़ाने की अपील की। कृषि, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्टार्टअप जैसे सेक्टरों में सहयोग बढ़ाने पर भी उन्होंने खास जोर दिया।

जयशंकर बोले- स्थिरता और इनोवेशन हैं भारत की प्राथमिकता

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस मौके पर कहा कि इस साल BRICS को संस्थागत रूप मिले पूरे 20 साल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि भारत की अध्यक्षता में सुदृढ़ता, इनोवेशन और सस्टेनेबिलिटी जैसे मुद्दों पर खास फोकस रहा है। उन्होंने Artificial Intelligence, फिनटेक और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग को भविष्य के बड़े अवसर बताया, साथ ही आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने की जरूरत पर भी बल दिया।

13 अरब डॉलर के सेमीकंडक्टर मिशन का भी हुआ जिक्र

राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने इस दौरान भारत के महत्वाकांक्षी Semiconductor Mission 2.0 की जानकारी दी, जिसमें करीब 13 अरब डॉलर का प्रोत्साहन शामिल है। वहीं वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने एक दिलचस्प आंकड़ा साझा करते हुए बताया कि ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार 2003 के 84 अरब डॉलर से बढ़कर 2024 में करीब 1.2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। उन्होंने 'Jaipur Consensus' को भविष्य में साझा तंत्र खोजने का आधार बताते हुए फोरम की सफलता की कामना की।