जयपुर–बीकानेर फ्लाइट सेवा फिर शुरू, यात्रियों को बड़ी राहत
अलायंस एयर की नई उड़ान से पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
अनन्य सोच। राजस्थान में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए जयपुर और बीकानेर के बीच फ्लाइट सेवा एक बार फिर शुरू हो गई है। सरकारी एयरलाइन अलायंस एयर ने इस रूट पर नियमित उड़ान संचालन शुरू कर दिया है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
नई समय सारिणी के अनुसार यह फ्लाइट जयपुर से दोपहर 1:55 बजे रवाना होकर बीकानेर पहुंचेगी। वहीं वापसी में विमान बीकानेर से शाम 4:55 बजे उड़ान भरकर जयपुर पहुंचेगा। फिलहाल यह सेवा सप्ताह में एक दिन, मंगलवार को संचालित की जा रही है।
यात्रा समय में होगी बड़ी बचत
अब तक जयपुर और बीकानेर के बीच यात्रा के लिए सड़क और रेल परिवहन पर निर्भर रहना पड़ता था, जिसमें कई घंटे लग जाते थे। फ्लाइट सेवा शुरू होने से यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा पहले की तुलना में अधिक आरामदायक और सुविधाजनक हो सकेगी।
इस सेवा से खासतौर पर व्यापारिक गतिविधियों, प्रशासनिक आवागमन और पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है। बीकानेर अपनी ऐतिहासिक धरोहर, मंदिरों और सांस्कृतिक पहचान के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। ऐसे में सीधी हवाई सेवा से देश-विदेश के पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिल रही नई उड़ान
अलायंस एयर लगातार राजस्थान के दूरस्थ शहरों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने पर जोर दे रही है। जैसलमेर के बाद अब बीकानेर को दोबारा हवाई सेवा से जोड़ना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि छोटे शहरों के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
राज्य के लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में इस सेवा की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाएगी, जिससे यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सके।