रूस में चमकी राजस्थान की कला: महेश गुर्जर की तेजाजी पेंटिंग को अंतरराष्ट्रीय सम्मान

जयपुर डेस्क।

रूस में चमकी राजस्थान की कला: महेश गुर्जर की तेजाजी पेंटिंग को अंतरराष्ट्रीय सम्मान

अनन्य सोच। राजस्थान के प्रतिभाशाली चित्रकार महेश गुर्जर ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का परचम लहराया है। रूस में स्थित Saint Petersburg State University of Industrial Technologies and Design के इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन एंड फाइन आर्ट्स के डिपार्टमेंट ऑफ मॉन्यूमेंटल आर्ट द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय चित्रकला प्रदर्शनी-प्रतियोगिता में उनकी बनाई लोक देवता वीर तेजाजी महाराज की पेंटिंग प्रदर्शित की गई।

यह प्रतिष्ठित प्रदर्शनी 10 मार्च से 24 मार्च तक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न देशों के कलाकारों ने भाग लिया। महेश गुर्जर द्वारा कैनवास पर एक्रेलिक रंगों से तैयार की गई इस पेंटिंग में लोक आस्था, वीरता और सांस्कृतिक विरासत का सशक्त चित्रण देखने को मिला। रूस के दर्शकों और कलाकारों ने इस कृति की सराहना करते हुए इसे भारतीय लोक संस्कृति का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व बताया।

इस उत्कृष्ट पेंटिंग के लिए महेश गुर्जर को ‘अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी प्रमाण पत्र’ से सम्मानित किया गया, जो उनके लिए ही नहीं बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व का विषय है।

महेश गुर्जर ने बताया कि इस चित्र को बनाने की प्रेरणा उन्हें उनके पिता स्वर्गीय नाथूलाल गुर्जर से मिली, जो एक प्रसिद्ध चित्रकार और समाजसेवी थे। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने हमेशा उन्हें कला के माध्यम से समाज और संस्कृति को जीवंत रखने की प्रेरणा दी।

यह उपलब्धि दर्शाती है कि राजस्थान की पारंपरिक कला वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सक्षम है और युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।