राजस्थान में जनगणना 2027 का दूसरा चरण शुरू: अब घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, नागरिकों से सहयोग की अपील

15 लाख परिवारों ने किया डिजिटल सेल्फ-एन्यूमरेशन, पहली बार मोबाइल ऐप से हो रही देशव्यापी जनगणना

May 16, 2026 - 12:58
 0
राजस्थान में जनगणना 2027 का दूसरा चरण शुरू: अब घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, नागरिकों से सहयोग की अपील

अनन्य सोच। राजस्थान में जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकानसूचीकरण एवं मकानगणना’ के तहत स्व-गणना (Self-Enumeration) का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। 1 मई से 15 मई 2026 तक चले इस अभियान में प्रदेश के करीब 15 लाख परिवारों ने मोबाइल ऐप और डिजिटल पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करवाई। यह देश में पहली बार हो रहा है जब जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न की जा रही है।

अब जनगणना का दूसरा चरण 16 मई से 14 जून 2026 तक संचालित होगा। इस दौरान प्रगणक (Enumerators) घर-घर जाकर नागरिकों से जानकारी एकत्र करेंगे। जिन परिवारों ने पहले ही स्व-गणना कर ली है, उनके द्वारा दर्ज सूचनाओं का सत्यापन किया जाएगा, जबकि बाकी परिवारों से सीधे प्रश्न पूछकर पोर्टल पर जानकारी दर्ज की जाएगी।

प्रगणक परिवारों से कुल 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी जुटाएंगे। इसमें मकान की निर्माण सामग्री, फर्श, दीवार और छत का प्रकार, परिवार के मुखिया का विवरण, सदस्यों की संख्या, पेयजल, बिजली, शौचालय, LPG/PNG कनेक्शन, इंटरनेट, टेलीविजन, लैपटॉप, साइकिल, कार समेत अन्य सुविधाओं की उपलब्धता जैसी जानकारियां शामिल होंगी। साथ ही परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज और संपर्क हेतु मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जाएंगे।

आर्थिकी एवं सांख्यिकी निदेशालय के निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव Vinesh Singhal ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कर्मियों को पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नागरिक सही एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं और प्रगणकों को घर या परिसर में प्रवेश की अनुमति दें, ताकि जनगणना 2027 का कार्य पारदर्शी एवं सफल तरीके से पूरा हो सके।