पेट्रोल पंपों पर बड़ा खुलासा: हर 5 लीटर में हो रही थी चोरी

प्रदेशभर में औचक कार्रवाई, 25 पेट्रोल पंपों के 43 गड़बड़ नोजल सीज; उपभोक्ताओं से हर महीने लाखों की अतिरिक्त वसूली

May 17, 2026 - 23:20
 0
पेट्रोल पंपों पर बड़ा खुलासा: हर 5 लीटर में हो रही थी चोरी

अनन्य सोच। राजस्थान में पेट्रोल पंपों पर आम उपभोक्ताओं के साथ हो रही ईंधन चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। उपभोक्ता मामले विभाग की प्रदेशव्यापी औचक जांच कार्रवाई में 7 जिलों के 25 पेट्रोल पंपों पर गड़बड़ी पकड़ी गई, जहां कुल 43 नोजल सीज या बंद किए गए। जांच में खुलासा हुआ कि कई पेट्रोल पंप हर 5 लीटर पर 30 से 60 एमएल तक कम पेट्रोल-डीजल दे रहे थे। विभागीय आकलन के अनुसार चिन्हित मामलों में उपभोक्ताओं से हर महीने करीब ₹4 लाख तक की अतिरिक्त वसूली की जा रही थी।

सिरोही, अलवर और नागौर में सबसे ज्यादा गड़बड़ी

सिरोही जिले में 7 पेट्रोल पंपों के 9 नोजल बंद किए गए। यहां 40 से 50 एमएल तक शॉर्ट डिलीवरी मिली, जिससे प्रतिमाह करीब ₹1.14 लाख की अनुमानित हानि सामने आई।

अलवर जिले के सिंघल सर्विस स्टेशन और चौधरी सर्विस स्टेशन पर 5 नोजल बंद किए गए। यहां 30 से 60 एमएल तक कम ईंधन दिए जाने का मामला सामने आया, जिससे उपभोक्ताओं को हर महीने ₹91 हजार से अधिक का नुकसान हो रहा था।

नागौर जिले में 4 पेट्रोल पंपों के 11 नोजल जब्त किए गए। विभाग के अनुसार यहां प्रतिमाह 54 से 378 लीटर तक कम ईंधन दिया जा रहा था, जिससे करीब ₹97 हजार की आर्थिक हानि हो रही थी।

सीकर, पाली और भीलवाड़ा में भी कार्रवाई

भीलवाड़ा जिले में 3 पेट्रोल पंपों के 4 नोजल बंद किए गए, जबकि सीकर जिले के सीएसआरबी फिलिंग स्टेशन नायरा के 4 नोजल सीज किए गए। पाली जिले में भी 4 पेट्रोल पंपों के 5 नोजल बंद किए गए, जहां उपभोक्ताओं को ₹55 हजार से अधिक की अनुमानित हानि हो रही थी।

उपभोक्ता मामले मंत्री Sumit Godara ने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।