राजस्थान टूरिज्म का ‘सीक्रेट प्लान’ आया सामने! अब सिर्फ जयपुर-उदयपुर नहीं, इन अनदेखी जगहों को ग्लोबल पहचान दिलाएंगी दिया कुमारी

‘Visit My State’ कैंपेन से लेकर ऑफ-सीजन टूरिज्म तक… आखिर क्या है राजस्थान को 12 महीने टूरिस्ट हॉटस्पॉट बनाने की बड़ी रणनीति?

May 23, 2026 - 08:54
 0
राजस्थान टूरिज्म का ‘सीक्रेट प्लान’ आया सामने! अब सिर्फ जयपुर-उदयपुर नहीं, इन अनदेखी जगहों को ग्लोबल पहचान दिलाएंगी दिया कुमारी

अनन्य सोच। राजस्थान सरकार अब पर्यटन को नए अंदाज में दुनिया के सामने पेश करने की तैयारी में है। उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री Diya Kumari ने शुक्रवार को पर्यटन सेक्टर के बड़े स्टेकहोल्डर्स के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक में ऐसा रोडमैप साझा किया, जिसने आने वाले समय में राजस्थान टूरिज्म की तस्वीर बदलने के संकेत दे दिए हैं।

बैठक में होटल इंडस्ट्री, ट्रैवल एजेंसियों और पर्यटन संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ वर्षभर पर्यटन बनाए रखने पर मंथन हुआ। इस दौरान दिया कुमारी ने साफ कहा कि अब फोकस सिर्फ जयपुर, उदयपुर और जैसलमेर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बांसवाड़ा, झालावाड़, कोटा और शेखावाटी जैसे “अननोन डेस्टिनेशंस” को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जाएगी।

ऑफ-सीजन टूरिज्म बनेगा नया गेमचेंजर

दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान को “Year-Round Tourism State” बनाने के लिए ऑफ-सीजन और शोल्डर सीजन पर विशेष रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि मानसून और कम भीड़ वाले महीनों में टूरिज्म बढ़ाने के लिए रोड शो, ट्रैवल मार्ट्स और बड़े प्रमोशनल कैंपेन चलाए जाएंगे।

सबसे ज्यादा चर्चा उनके सुझाए गए “Visit My State” और “Holiday in Rajasthan” कैंपेन की रही। माना जा रहा है कि सोशल मीडिया आधारित ये अभियान घरेलू और विदेशी पर्यटकों को राजस्थान की ओर आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

विदेशी पर्यटकों के लिए बनेगी नई रणनीति

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्री-कोविड दौर जैसा विदेशी पर्यटन फिर से लाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट्स में राजस्थान की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। सिर्फ स्टॉल लगाने तक सीमित रहने के बजाय अब राजस्थानी संस्कृति, लोक कला, खान-पान और कल्चरल इवनिंग्स के जरिए विदेशी टूर ऑपरेटर्स और मीडिया को आकर्षित किया जाएगा।

पर्यटकों को मिलेगा नया अनुभव

बैठक में यह भी तय हुआ कि कई मॉन्यूमेंट्स और सरकारी पर्यटन स्थलों की टाइमिंग बदली जाएगी, ताकि पर्यटक सुबह जल्दी और देर शाम तक घूमने का आनंद ले सकें। साथ ही जल्द ही राजस्थान पर्यटन का नया मीडिया कैंपेन भी लॉन्च किया जाएगा। राजनीतिक और वैश्विक चुनौतियों के बीच राजस्थान सरकार का यह मास्टरप्लान अब पर्यटन उद्योग के लिए नई उम्मीद बनकर उभर रहा है।