जयपुर में स्वास्थ्य योजनाओं पर सख्त हुए कलक्टर संदेश नायक, बोले- HPV टीकाकरण और मौसमी बीमारियों पर रखें विशेष नजर
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, अस्पतालों में कूलर-पंखों और स्वच्छ पानी की व्यवस्था के निर्देश
अनन्य सोच। गर्मी और मौसमी बीमारियों के बढ़ते खतरे के बीच जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को जिला कलक्टर Sandesh Nayak की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और अभियानों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिले में चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को प्राथमिकता देते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 14 वर्ष आयुवर्ग की किशोरियों तक टीकाकरण का लाभ समय पर पहुंचे। इसके लिए स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
मौसमी बीमारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट
गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए कलक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पीने के स्वच्छ पानी, ओआरएस की पर्याप्त उपलब्धता तथा कूलर और पंखों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही गैर संचारी रोग (NCD) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए 30 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लोगों की नियमित स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को टीकाकरण कार्यक्रमों की पोर्टल पर समयबद्ध एंट्री करने के लिए भी कहा गया, ताकि योजनाओं की मॉनिटरिंग बेहतर तरीके से हो सके।
लंबित भुगतानों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
बैठक में मां वाउचर योजना की समीक्षा करते हुए Sandesh Nayak ने योजना की प्रभावी मॉनिटरिंग और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों के लंबित भुगतानों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
किलकारी और मोबाइल अकादमी कार्यक्रम पर प्रस्तुति
बैठक में राज्य प्रतिनिधि Swati Dwivedi द्वारा किलकारी कार्यक्रम और मोबाइल अकादमी पर प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, आयुष्मान आरोग्य योजना, अनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान, संस्थागत प्रसव, परिवार कल्याण, आभा कार्ड और स्टॉप डायरिया कैंपेन सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर Mukesh Kumar Moond, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रथम Dr. Ravi Shekhawat, द्वितीय Dr. Manish Mittal सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।