राजस्थान में मिले 49,703 नए TB मरीज! घर-घर पहुंची स्क्रीनिंग टीमें, जानें कैसे बदल रही तस्वीर

Jul 27, 2026 - 11:56
Jul 27, 2026 - 12:02
 0
राजस्थान में मिले 49,703 नए TB मरीज! घर-घर पहुंची स्क्रीनिंग टीमें, जानें कैसे बदल रही तस्वीर

अनन्य सोच। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "TB मुक्त भारत" संकल्प को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होकर तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार "निरामय राजस्थान" की परिकल्पना के तहत TB उन्मूलन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पहचान, निःशुल्क उपचार और जनभागीदारी को मिशन मोड में चला रही है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि सरकार की रणनीति सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि हर छिपे मरीज तक पहुंचने की है। इसी सोच के साथ 24 मार्च से 5 जुलाई तक चले 100 दिवसीय विशेष अभियान में राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया। प्रदेशभर में 9,949 आयुष्मान आरोग्य शिविरों के जरिए 35.86 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग हुई, 31.91 लाख चेस्ट एक्स-रे और 2.31 लाख NAAT जांचें की गईं।

लेकिन असली चौंकाने वाला आंकड़ा यह रहा कि इस दौरान 49,703 नए TB मरीजों की पहचान हुई, जिनमें से 13,461 मरीजों में तो कोई स्पष्ट लक्षण ही नहीं थे। यानी सक्रिय जांच नहीं होती तो ये मामले छुपे ही रह जाते। अभियान में 23,436 घरेलू संपर्कों को प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट दिया गया, वहीं 2,795 नए निक्षय मित्रों की मदद से 51,695 फूड बास्केट मरीजों तक पहुंचाई गईं।

खींवसर ने बताया कि इस सफलता के बाद सरकार ने 14 जुलाई से नया सक्रिय क्षय रोग खोज (ACF) अभियान शुरू किया है, जो अब 7 अगस्त तक चलेगा। प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के अनुसार अब तक 28.91 लाख से अधिक लोगों की घर-घर स्क्रीनिंग हो चुकी है, जिसमें बुजुर्गों, डायबिटीज व HIV संक्रमितों, प्रवासी श्रमिकों और मलिन बस्तियों को प्राथमिकता दी जा रही है।

अभियान में 7,997 स्कूलों, 1,597 कॉलेजों और 38,970 MY Bharat स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही, जिसके परिणामस्वरूप 2025 में प्रदेश की 6,547 ग्राम पंचायतें TB मुक्त घोषित की जा चुकी हैं।