शिक्षा, नैतिकता और आत्मनिर्भरता से ही बनेगा सशक्त भारत: राजनाथ सिंह
भूपाल नोबल संस्थान के 104वें स्थापना दिवस समारोह में रक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को दिए जीवन मूल्य और लक्ष्य निर्धारण के सूत्र
अनन्य सोच। रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने उदयपुर के बी.एन. कॉलेज मैदान में आयोजित विद्या प्रचारिणी सभा संचालित भूपाल नोबल संस्थान के 104वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए शिक्षा, नैतिकता और आत्मनिर्भरता को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया। उन्होंने कहा कि नैतिकता से विहीन शिक्षा समाज के किसी काम की नहीं होती और सशक्त भारत के निर्माण के लिए शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण अनिवार्य है।
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने स्वयं को मूल रूप से शिक्षक बताते हुए विद्यार्थियों से संवाद को सुखद अनुभव बताया। उन्होंने लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जब लक्ष्य तय कर लिया जाए तो उसे प्राप्त करने तक न विचलित होना चाहिए और न ही हार माननी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वाभिमान और अहंकार के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि स्वाभिमान को अहंकार में बदलने से बचना चाहिए।
सिंह ने विश्वविद्यालयों को “इंस्टीट्यूशन ऑफ इंस्टीट्यूशंस” बताते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है और आज भारत इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मेवाड़ के पूर्व शासक Maharana Bhupal Singh को सच्चा देशभक्त बताते हुए उनके ‘इंडिया फर्स्ट’ दृष्टिकोण को प्रेरणादायक बताया।
रक्षा मंत्री ने नई शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि यह नीति भारत की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य विद्यालयों और विश्वविद्यालयों की कक्षाओं में तय होता है, इसलिए शिक्षा में ज्ञान के साथ विनम्रता, चरित्र और नैतिकता का समावेश जरूरी है।
उन्होंने व्हाइट कॉलर टेररिज्म को चिंता का विषय बताते हुए शिक्षा में नवाचार और तकनीक को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवनभर सीखते रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सीखना बंद होते ही प्रगति रुक जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा और 2030 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरेगा।
समारोह में छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों का स्वागत किया गया। उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।