CM भजनलाल शर्मा की बड़ी सौगात: 30 कृषि मंडियों में 57 करोड़ से होंगे विकास कार्य
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान की 30 कृषि उपज मंडी समितियों में 57 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी, किसानों और व्यापारियों को मिलेगी बड़ी राहत।
अनन्य सोच। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान की 30 कृषि उपज मंडी समितियों के ढांचागत विकास के लिए 57 करोड़ 41 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इस राशि से मंडी यार्ड निर्माण, बिजली के काम और संपर्क सड़कों का निर्माण व मरम्मत कराई जाएगी, जिससे किसानों और व्यापारियों को सीधा फायदा मिलेगा।
किन-किन जिलों की मंडियां होंगी लाभान्वित
स्वीकृति के तहत बीकानेर की बज्जू, नोखा, खाजूवाला और श्रीडूंगरगढ़ मंडियों के साथ सीकर की पलसाना, जैसलमेर, प्रतापगढ़, दौसा की मंडावरी और महवा, बारां व नाहरगढ़, टोंक की उनियारा व निवाई, चूरू की सादुलपुर, ब्यावर की बिजयनगर, श्रीगंगानगर की रिडमलसर व घड़साना, चित्तौड़गढ़ की कपासन, डीडवाना, भीनमाल, मदनगंज-किशनगढ़, डेगाना, डीग की कामां, नागौर, उदयपुर व सीकर की अनाज मंडी, झालावाड़ की चौमहला, कोटा अनाज मंडी और हनुमानगढ़ की संगरिया शामिल हैं।
यार्ड और बिजली कार्यों से मिलेगी बुनियादी सुविधा
मंडियों में यार्ड निर्माण और विद्युत कार्यों से किसानों व व्यापारियों के लिए मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे मंडी परिसर में उपज की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया आसान और व्यवस्थित होगी।
सड़क मरम्मत से गांवों तक पहुंच होगी आसान
मंडियों से जुड़ी संपर्क सड़कों के निर्माण और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत से ग्रामीण इलाकों के किसान अपनी उपज आसानी से मंडी तक ला सकेंगे। इससे मंडियों में फसलों की आवक बढ़ने और मंडी राजस्व में वृद्धि होने की उम्मीद है।