Delimitation Bill: परिसीमन के बाद राजस्थान में 38 लोकसभा सीटें संभव, विधानसभा 280-304 तक

Delimitation Bill के 50% फॉर्मूले से राजस्थान में लोकसभा सीटें 25 से बढ़कर 38 और विधानसभा सीटें 280-304 हो सकती हैं। जानें Women Reservation, विपक्ष की बैठक और संसद की विशेष बैठक।

Nov 28, 2026 - 11:49
Nov 28, 2026 - 12:07
 0
Delimitation Bill: परिसीमन के बाद राजस्थान में 38 लोकसभा सीटें संभव, विधानसभा 280-304 तक

अनन्य सोच । केंद्रीय कैबिनेट से मंजूर Delimitation प्रस्ताव (50% बढ़ोतरी के फॉर्मूले) लागू होने पर राजस्थान में विधानसभा सीटें 200 से बढ़कर 280 से 304 के बीच होना संभव है। लोकसभा सीटें अभी 25 हैं, जो बढ़कर 38 होने का अनुमान है। यानी राजस्थान में 13 सीटें बढ़ेंगी।

राजस्थान में 18 लाख लोगों पर एक सांसद

2011 की जनगणना में राजस्थान की आबादी 6.85 करोड़ थी। इसके अनुपात में परिसीमन के बाद एक सांसद करीब 18.04 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करेगा। जयपुर में विधानसभा भवन की चौथी मंजिल पर स्थित हॉल को नए परिसीमन के हिसाब से तैयार करने का काम चल रहा है। पहली विधानसभा (1952) में 160 सीटें थीं, जिन्हें 1977 में बढ़ाकर 200 किया गया। पहली लोकसभा (1952) में राजस्थान (तत्कालीन अजमेर राज्य को छोड़कर) में 18 क्षेत्र थे।

तीन बिल और 33% Women Reservation

2029 के चुनाव से पहले लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने के लिए सरकार 3 बिल पेश करेगी। संविधान संशोधन बिल में हर राज्य की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव है। लोकसभा सीटें 543 से करीब 815 होंगी और अधिकतम संख्या 850 तक जा सकेगी। विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से 650 करने का प्रस्ताव है। राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना पर आधारित रहेगा और 2051 तक फ्रीज रहेगा। दक्षिणी राज्यों की चिंता यही थी कि परिसीमन के बाद उनका प्रतिनिधित्व न घटे। निर्वाचन क्षेत्र 2011 की जनगणना से तय होंगे। आरक्षण शुरुआत में 15 साल के लिए होगा, सीटें हर कार्यकाल के बाद बदलेंगी और यह परिसीमन के बाद प्रभावी होगा।

विपक्ष की बैठक आज, संसद में 30 नवंबर से चर्चा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को विपक्षी नेताओं की बैठक बुलाई है, जिसमें द्रमुक, आप और बीजद भी आमंत्रित हैं। एनसीपी (शरद) नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि पार्टी ने परिसीमन के समर्थन का फैसला किया है। सुप्रिया सुले पिता की बीमारी के कारण बैठक में नहीं जाएंगी। द्रमुक नेता एमके स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु की 7.18% हिस्सेदारी न घटे और अनुपात 25 साल फ्रीज रहे। ये शर्तें पूरी हो चुकी हैं, इसलिए द्रमुक का समर्थन संभव है। आंध्र के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने एनडीए नेताओं से मिलकर कहा कि इससे दक्षिण को फायदा होगा। कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी (शरद) ने सांसदों को संसद में मौजूद रहने का व्हिप जारी किया है। संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी और बिलों पर 10 से 12 घंटे चर्चा हो सकती है। अप्रैल में सरकार यह बिल लोकसभा में पास नहीं करा पाई थी।