संविधान दिवस पर 252 CBSE छात्र पहुंचे Rajasthan Vidhan Sabha, देवनानी ने भेंट की संविधान पुस्तिका
Constitution Day पर 18 CBSE स्कूलों के 252 विद्यार्थियों ने Rajasthan Vidhan Sabha का भ्रमण किया। स्पीकर वासुदेव देवनानी ने 55 पृष्ठों की संविधान पुस्तिका भेंट की।
अनन्य सोच । संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक एवं संसदीय व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध 18 विद्यालयों के 252 छात्र-छात्राओं ने राजस्थान विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें संविधान की मूल भावना, उसके निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका की जानकारी दी।
55 पृष्ठों की पुस्तिका में संविधान की अहम जानकारियां
स्पीकर देवनानी ने विद्यार्थियों को 'भारत की आत्मा, राष्ट्र का गौरव: हमारा संविधान' पुस्तिका भेंट की। उन्होंने बताया कि 55 पृष्ठों की इस Booklet में संविधान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सरल और सुव्यवस्थित ढंग से दी गई हैं। इसमें संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, निर्माण की प्रक्रिया, संविधान सभा का योगदान, प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य और देश की संसदीय व्यवस्था से जुड़े विषय शामिल हैं। उनके अनुसार इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को संविधान की मूल भावना और महत्व से परिचित कराना है। युवा पीढ़ी को संविधान के प्रति जागरूक बनाना समय की जरूरत है।
अधिकारों और कर्तव्यों के संतुलन की प्रेरणा
देवनानी ने कहा कि पुस्तिका में संविधान के ऐतिहासिक संदर्भ और दार्शनिक पक्षों को शामिल किया गया है। यह कृति संविधान के आदर्शों, अधिकारों और कर्तव्यों के संतुलन को समझाने के साथ लोगों को राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर अविचल भाव से आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
22 भागों के 22 चित्रों में भारत की कहानी
पुस्तिका की खास बात यह है कि इसमें संविधान के 22 भागों से जुड़े 22 चित्रों के जरिए भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत कहानी दर्शाई गई है। मूल संविधान में अंकित ये चित्र भारत की प्राचीन सभ्यता, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय चेतना को अभिव्यक्त करते हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास है कि संविधान सिर्फ कानूनों का संकलन नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की सांस्कृतिक यात्रा और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतिबिंब भी है।