IITF-2026 में Rajasthan का दबदबा: Partner State सम्मान के साथ Food Category में Gold Award

45th IITF-2026 में Rajasthan Pavilion को Partner State श्रेणी में Award of Honorable Participation और Food Category में Gold Award मिला। 4 लाख से अधिक आगंतुक पहुंचे।

Nov 27, 2026 - 11:30
Nov 27, 2026 - 13:23
 0
IITF-2026 में Rajasthan का दबदबा: Partner State सम्मान के साथ Food Category में Gold Award

अनन्य सोच । 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2026) में राजस्थान ने अपनी सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय उत्पादों के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर खास पहचान बनाई है। मेले के समापन से एक दिन पहले हुए अवॉर्ड समारोह में राजस्थान को Partner State श्रेणी में Award of Honorable Participation से सम्मानित किया गया। साथ ही Food Category में Gold Award भी मिला। समारोह में ITPO के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक, कार्यकारी निदेशक और OSD सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

लगातार दूसरे साल Partner State

राजस्थान इस वर्ष लगातार दूसरी बार IITF में Partner State रहा। 44वें IITF में भी राज्य को यही दर्जा मिला था और दोनों वर्षों में राजस्थान पवेलियन के लिए 1,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल आवंटित हुआ। पिछले वर्ष पवेलियन को उत्कृष्ट डिस्प्ले के लिए Gold Award मिला था।

'विकास और विरासत' थीम और ODOP-GI Tag वॉल

इस बार पवेलियन 'विकास और विरासत' थीम पर तैयार किया गया। इसमें पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, हथकरघा, आभूषण, वस्त्र, फर्नीचर और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन हुआ। पवेलियन निदेशक हर्ष शर्मा के अनुसार कुल 44 स्टॉल लगाए गए, जहां कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों को प्रदर्शन व विपणन का अवसर मिला। 7 Live Demo के जरिए पारंपरिक शिल्पकला सीधे दिखाई गई, जिसने आगंतुकों को खास आकर्षित किया।

ODOP (One District One Product) Experience Wall पर प्रदेश के सभी 41 जिलों के विशिष्ट उत्पाद प्रदर्शित किए गए। वहीं GI Tag Wall पर भौगोलिक संकेतक प्राप्त राजस्थानी उत्पाद और शिल्प रखे गए। विभिन्न विभागों ने औद्योगिक, व्यापारिक और विकास संबंधी उपलब्धियां भी प्रस्तुत कीं।

4 लाख से अधिक आगंतुक

हर्ष शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर तक चार लाख से अधिक आगंतुक राजस्थान पवेलियन देख चुके हैं। देशभर के आगंतुकों, व्यापारियों, उद्यमियों, विदेशी प्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों से पवेलियन को व्यापक प्रतिसाद मिला। लोगों ने उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई और राजस्थान की मेहमाननवाजी की भी सराहना की। इस उपलब्धि में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान लघु उद्योग निगम (RAJSICO), अधिकारियों-कर्मचारियों, उद्यमियों, कारीगरों और स्टॉल संचालकों का योगदान रहा।