अरावली की चट्टानों से कैनवास तक पहुंची विद्यासागर उपाध्याय की कला, जयपुर में प्रदर्शनी शुरू
जयपुर में वरिष्ठ कलाकार Vidyasagar Upadhyay की एकल प्रदर्शनी 'अरावली' शुरू हुई। 'उगली' Art Studio and Gallery की शुरुआत भी हुई। प्रदर्शनी 24 जनवरी 2027 तक चलेगी।
अनन्य सोच । अरावली की पहाड़ियां, चट्टानों की बनावट और मार्बल की प्राकृतिक संरचनाएं अब वरिष्ठ कलाकार विद्यासागर उपाध्याय के कैनवास पर अमूर्त रूपों में नजर आएंगी। जयपुर में मंगलवार को उनकी एकल प्रदर्शनी 'अरावली' का उद्घाटन हुआ, जो 24 जनवरी 2027 तक चलेगी। इसके साथ ही कलाकार चिंतन उपाध्याय और मनीष शर्मा की पहल पर बने 'उगली' आर्ट स्टूडियो एवं गैलरी की शुरुआत भी हुई।
अनुभवों और स्मृतियों की Visual Language
प्रदर्शनी की बड़ी कलाकृतियों में अरावली का सीधा चित्रण नहीं, बल्कि उससे जुड़े अनुभवों, स्मृतियों और कल्पनाओं की अभिव्यक्ति दिखती है। कलाकार ने पहाड़ियों और प्राकृतिक संरचनाओं से प्रेरणा लेकर रंगों और आकारों की ऐसी दृश्य भाषा बनाई है, जिसमें दर्शक अपनी व्याख्या तलाश सकता है। यहां प्रकृति दृश्य की नकल नहीं, बल्कि रचनात्मक अभिव्यक्ति का आधार है।
काले रंग का खास प्रयोग
उपाध्याय ने काले रंग को केवल गहरे रंग के रूप में नहीं, बल्कि उसकी सूक्ष्म रंगतों, परतों और बनावटों के जरिए प्रस्तुत किया है। इससे कलाकृतियों में गहराई और नए दृश्य प्रभाव उभरते हैं। अपनी कला के बारे में वे कहते हैं, "मैं दुनिया को अपने रूपों में देखता हूं। मैं अपनी दुनिया बनाता हूं।"
छह दशक की कला यात्रा
वर्ष 1948 में राजस्थान के परतापुर में जन्मे विद्यासागर उपाध्याय की कला यात्रा करीब छह दशक लंबी है। उनकी गिनती राजस्थान में आधुनिक अमूर्त कला को पहचान दिलाने वाले प्रमुख कलाकारों में होती है। उन्हें 1981 में ललित कला अकादमी का राष्ट्रीय पुरस्कार और भारत सरकार की सीनियर फेलोशिप मिल चुकी है। उनकी कलाकृतियां नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, ललित कला अकादमी और भारत भवन के संग्रहों में शामिल हैं। वे 1988 से 2007 तक राजस्थान स्कूल ऑफ आर्ट, जयपुर में चित्रकला विभाग के अध्यक्ष रहे।
'उगली' बनेगा Contemporary Art का मंच
'उगली' को समकालीन कला, नए विचारों और प्रयोगधर्मी गतिविधियों के मंच के रूप में विकसित किया जाएगा। संस्थापक चिंतन उपाध्याय और मनीष शर्मा के अनुसार, यहां कलाकारों के बीच संवाद, सहयोग और क्यूरेटोरियल प्रयोगों को बढ़ावा मिलेगा। 'अरावली' इस नए कला स्थल की पहली प्रदर्शनी है।