Jaipur Raga Festival का भव्य आगाज़: शशांक सुब्रमण्यम की बांसुरी और गंगानी के कथक ने बांधा समां

Narayan Niwas Palace में पहले Jaipur Raga Festival की शुरुआत। Flute, vocal jugalbandi और Kathak की प्रस्तुतियां, रविवार को पं. साजन मिश्र समेत कई कलाकार।

Nov 29, 2026 - 09:06
Nov 29, 2026 - 09:08
 0
Jaipur Raga Festival का भव्य आगाज़: शशांक सुब्रमण्यम की बांसुरी और गंगानी के कथक ने बांधा समां

अनन्य सोच । भारतीय शास्त्रीय संगीत और विरासत कलाओं को समर्पित पहले Jaipur Raga Festival का शनिवार को होटल नारायण निवास पैलेस में शुभारंभ हुआ। कणिका पांडे फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय फेस्टिवल का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि संगीत गुरु पं. एस. एस. पांडे, चित्रकार प्रो. चिन्मय एस. मेहता और संस्थापक कणिका पांडे मौजूद रहे।

कणिका पांडे ने कहा कि कलाकारों को मंच के साथ पहचान, आर्थिक स्थिरता और सही मार्गदर्शन भी मिलना चाहिए। उनके अनुसार यह पहल नए, उभरते और अनुभवी कलाकारों के बीच सेतु बनाने का प्रयास है।

बांसुरी के स्वरों से हुई शुरुआत

दिन का आगाज़ ग्रैमी नामांकित कर्नाटक बांसुरी वादक पं. शशांक सुब्रमण्यम की प्रस्तुति से हुआ। उन्होंने राग वाचस्पति में आलापम और रागम पेश किया। तबले पर अभिषेक मिश्रा और मृदंगम पर पारुपल्ली फाल्गुन ने संगत की।

वाद्ययंत्र निर्माण का Live Demonstration

मिरज के नईम सितारमेकर ने बताया कि पारंपरिक वाद्ययंत्र कैसे बनते हैं और उनमें कौन-सी सामग्री व औजार काम आते हैं। उन्होंने वाद्ययंत्रों के रखरखाव के उपयोगी सुझाव भी दिए।

इसके बाद पुणे के डॉ. पुष्कर लेले ने Music Appreciation Workshop में शास्त्रीय संगीत की बारीकियां सरल ढंग से समझाईं। उन्होंने कहा कि संगीत सुनने के लिए नियम जानना जरूरी नहीं है, पर राग केवल scale नहीं, उसमें भाव और सौंदर्यबोध भी अहम हैं।

गायन जुगलबंदी और कथक ने जीता दिल

शाम को कोलकाता की सबीना मुमताज इस्लाम और संजुक्ता बिस्वास ने आगरा घराने की गायन जुगलबंदी में राग नंद प्रस्तुत किया। आयोजकों के अनुसार इसे पहली बार जयपुर के श्रोताओं के सामने पेश किया गया। तबले पर अभिषेक मिश्रा और हारमोनियम पर राजेंद्र बनर्जी ने संगत की।

पहले दिन का समापन जयपुर घराने के संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित पं. राजेंद्र गंगानी के Kathak से हुआ। उन्होंने राग पीलू में शुरुआत की और मरुभूमि को समर्पित पारंपरिक बंदिशें प्रस्तुत कीं। भजन 'कांई मर्जी रघुनाथ' में लयकारी, पद संचालन और भाव का सुंदर संतुलन दिखा।

रविवार को इन कलाकारों की प्रस्तुतियां

दूसरे दिन, 29 नवंबर को वरिष्ठ कलाकारों के सम्मान और फाउंडेशन की scholarships की घोषणा होगी। 'सैक्रेड साउंड्स' सत्र में डॉ. पुष्कर लेले निर्गुण भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगे। पेरीन लेगूलों और पार्थ प्रतिम हज़ारिका की सत्रिया नृत्य जुगलबंदी होगी। पद्मश्री उस्ताद मोइनुद्दीन ख़ान और मोमिन ख़ान सारंगी जुगलबंदी देंगे। पद्मभूषण पं. साजन मिश्र और स्वरांश मिश्र गायन प्रस्तुत करेंगे।