जयपुर में सजी ‘हरि हर बैठक’: कहानी और भजन जैमिंग में श्रोता भी बने संगीत का हिस्सा
Jaipur की कलानेरी आर्ट गैलरी में ‘हरि हर बैठक’ का आयोजन। Vaikuntha Chaturdashi की कथा, Bhajan Jamming और सामूहिक आरती के साथ लोगों ने संगीत से जुड़ने का नया अनुभव लिया।
अनन्य सोच । भजन केवल सुनने का नहीं, बल्कि साथ मिलकर गाने और संगीत से जुड़ने का भी अनुभव हो सकता है। इसी सोच के साथ उदुक्कु म्यूजिक और सृजन द स्पार्क जयपुर की ओर से शनिवार शाम कलानेरी आर्ट गैलरी में ‘हरि हर बैठक’ का आयोजन किया गया। कहानी, भक्ति संगीत और सामूहिक भजन गायन से सजी इस Musical Gathering में लोगों ने अलग तरह का संगीत अनुभव किया।
कथा के हर प्रसंग के बाद गूंजा भजन
सृजन द स्पार्क के संस्थापक एवं मुख्य संरक्षक, सेवानिवृत्त आईपीएस प्रसन्न खमेसरा ने बताया कि कार्यक्रम में भगवान विष्णु और भगवान शिव से जुड़ी Vaikuntha Chaturdashi की पारंपरिक कथा को छोटे-छोटे प्रसंगों में प्रस्तुत किया गया। इशिता पारिख के कार्यक्रम समन्वय और कोरियोग्राफी में हर प्रसंग के बाद उससे जुड़ा भजन गाया गया, जिसमें मौजूद लोगों ने भी अपनी आवाज मिलाई।
मान्यता और एकत्व का संदेश
वैकुंठ चतुर्दशी की मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु के चार महीने के विश्राम के दौरान भगवान शिव सृष्टि का दायित्व संभालते हैं और इस दिन उन्हें यह दायित्व वापस सौंपते हैं। दोनों देवों के आपसी सम्मान और एकत्व की इस कथा को संगीत के जरिए सहज अंदाज में पेश किया गया। इस तरह शाम किसी मंचीय प्रस्तुति के बजाय सामूहिक Bhajan Jamming का रूप लेती दिखी, जहां श्रोता भी संगीत का हिस्सा बने।
बिना अनुभव के भी जुड़े लोग
चेयरपर्सन राजेश नौलखा और अध्यक्ष सम्प्रति सिंघवी ने बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए संगीत का पूर्व अनुभव जरूरी नहीं था। हिंदी और अंग्रेजी में भजनों के बोल उपलब्ध कराए गए, ताकि हर उम्र के लोग आसानी से साथ गा सकें। युवाओं, परिवारों और संगीत प्रेमियों के लिए यह पारंपरिक भजनों को नए और सहभागी अंदाज में अनुभव करने का अवसर रहा।
सहज और समकालीन अंदाज में भक्ति संगीत
आयोजकों के अनुसार ‘हरि हर बैठक’ का उद्देश्य भारतीय परंपरा और भक्ति संगीत को सहज, संवादात्मक और समकालीन अंदाज में लोगों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती के साथ हुआ।