Vizag में CII Summit: निवेश पर जोर

विशाखापत्तनम में 31वां CII Partnership Summit 2026 शुरू। NICDC पैवेलियन में आंध्र प्रदेश के तीन Smart City नोड्स, 31,360 करोड़ के Investment की संभावना दिखी।

Nov 12, 2026 - 22:57
Nov 12, 2026 - 23:03
 0
Vizag में CII Summit: निवेश पर जोर

अनन्य सोच । आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 12 और 13 नवंबर 2026 को 31वां CII Partnership Summit आयोजित हो रहा है। इसका विषय "नई विश्व व्यवस्था के अनुरूप आगे बढ़ना: व्यापार, प्रौद्योगिकी, विश्वास एवं वैचारिक नेतृत्व" है। सम्मेलन भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) ने DPIIT के सहयोग से और आंध्र प्रदेश सरकार की मेजबानी में आयोजित किया है। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, पीयूष गोयल, किंजरापु राम मोहन नायडू, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण शामिल हुए।

किन विषयों पर हुई चर्चा

सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय व्यापार, सप्लाई चेन, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, रक्षा प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिज, Artificial Intelligence, क्वांटम तकनीक और हरित ऊर्जा पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्य लक्ष्य वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करना, निवेश आकर्षित करना और भारत को Global Manufacturing Hub बनाना रहा।

NICDC पैवेलियन बना आकर्षण

पीयूष गोयल और एन. चंद्रबाबू नायडू ने NICDC पैवेलियन का दौरा किया। CEO रजत कुमार सैनी ने कृष्णपट्टनम, ओरवाकल और कोपर्थी नोड्स की प्रगति बताई। कृष्णपट्टनम में 50 प्रतिशत से अधिक, ओरवाकल में करीब 30 प्रतिशत और कोपर्थी में लगभग 12 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। तीनों नोड्स का कुल क्षेत्र 7,717 एकड़ है, जहां 31,360 करोड़ रुपये के निवेश और दो लाख रोजगार की संभावना जताई गई। पैवेलियन में 'भव्य' योजना, Industrial Corridor Land Platform, 'कोयला शक्ति' डैशबोर्ड और 360° VR टूर भी दिखाए गए।

जापान से बढ़ता सहयोग

भारत में जापान के राजदूत केइची ओनो ने बताया कि आंध्र प्रदेश के तीन शहरों में 31 जापानी कंपनियों ने 8,000 से अधिक स्थानीय नौकरियां दी हैं। सैनी के अनुसार जापान ने अगले दशक में भारत में 10 ट्रिलियन येन निवेश सुविधाजनक बनाने की प्रतिबद्धता जताई है। JETRO के सर्वे में 80 प्रतिशत से अधिक कंपनियों ने विस्तार की योजना बताई।