रांची में ICAR-IIAB की नई सुविधाओं का उद्घाटन, शिवराज सिंह चौहान बोले- Lab to Land तक पहुंचे तकनीक
रांची में ICAR-IIAB की नई सुविधाओं का उद्घाटन हुआ। प्री-रबी किसान गोष्ठी में 1,500 किसान जुड़े, 119 करोड़ के गेस्ट हाउस की आधारशिला रखी गई।
ICAR-IIAB में नई सुविधाओं की सौगात
अनन्य सोच । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 8 अक्टूबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रांची स्थित ICAR-IIAB की कई नई सुविधाओं का उद्घाटन किया। इनमें एडमिन-कम-स्कूल भवन, बिरसा मुंडा बहुउद्देशीय सभागार, जयपाल सिंह मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और NEXTGEN Breeding Facility शामिल हैं। संस्थान में 119 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए गेस्ट हाउस की आधारशिला भी रखी गई।
प्री-रबी किसान गोष्ठी में 1,500 किसान
गढ़खटंगा स्थित संस्थान में SCSP और TSP के तहत प्री-रबी किसान गोष्ठी-सह-कृषि इनपुट वितरण कार्यक्रम हुआ। इसमें रांची, खूंटी, गुमला और रामगढ़ के करीब 1,500 किसान पहुंचे। आयोजन का मकसद किसानों, वैज्ञानिकों और नीति-निर्माताओं के बीच सीधा संवाद बनाना और वैज्ञानिक व टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना रहा।
वैज्ञानिकों और अधिकारियों के सुझाव
श्री चौहान ने झारखंड की जनजातीय परंपराओं में जल, पौधों और प्रकृति के संरक्षण की समझ का उल्लेख किया। उन्होंने ICAR-IIAB को अनुसंधान, नवाचार और आत्मनिर्भरता का संगम बताया। ICAR के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट ने Rice-Fallow Intensification अपनाने, अम्लीय मिट्टी और फास्फोरस की कमी जैसी चुनौतियों पर शोध बढ़ाने तथा प्राकृतिक व जैविक खेती को प्रोत्साहन देने पर बल दिया। उप महानिदेशक (फसल विज्ञान) डॉ. डी. के. यादव ने अनुसंधान को अंतिम किसान तक पहुंचाने की जरूरत बताई।
राज्य मंत्री ने देखी तकनीकें
कार्यक्रम से पहले राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने डेयरी फार्म, फसल अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, NEXTGEN Breeding Facility और Integrated Farming System (IFS) इकाई का भ्रमण किया। डेयरी फार्म में उन्हें Embryo Transfer तकनीक की जानकारी दी गई। उन्होंने पौधरोपण में हिस्सा लिया और प्रगतिशील किसानों से संवाद भी किया। वहां लगी प्रदर्शनी में कृषि फसलों, पशुधन और डेयरी तकनीकों की जानकारी दी गई।