फ्रांस में गूंजी भारतीय संस्कृति की धुन, इवेंट मैनेजर्स डे पर भारत बना ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’
20 साल बाद मिला सम्मान, राजस्थान के धोद बैंड ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिखेरा लोक संस्कृति का रंग
अनन्य सोच। इंटरनेशनल इवेंट मैनेजर्स डे इस बार वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति और इवेंट इंडस्ट्री के लिए खास उपलब्धि लेकर आया है। फ्रांस के प्रसिद्ध टूर सिटी में आयोजित प्रतिष्ठित “फॉयरे डे टूर्स फेयर” में करीब 20 वर्षों बाद भारत को “गेस्ट ऑफ ऑनर” चुना गया है। यह सम्मान भारतीय कला, संस्कृति और इवेंट इंडस्ट्री के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।
राजस्थान की लोकधुनों ने जीता दुनिया का दिल
इवेंट मैनेजर्स डे के ग्लोबल कन्वीनर अरशद हुसैन ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय मेले में इवेंट मैनेजर्स डे के ग्लोबल ब्रांड एम्बेसडर रईस भारती अपने प्रसिद्ध धोद बैंड के साथ राजस्थानी लोक संगीत, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और भारतीय कला की भव्य प्रस्तुतियां दे रहे हैं। करीब 4 लाख लोगों की मौजूदगी वाले इस मेले में भारत की सांस्कृतिक झलक विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की लोकधुनें और पारंपरिक संगीत न केवल विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति की गहराई और विविधता का संदेश भी दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।
इवेंट इंडस्ट्री को मिल रही वैश्विक पहचान
अरशद हुसैन ने कहा कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि भारतीय इवेंट इंडस्ट्री और कलाकारों को वैश्विक पहचान दिलाने का बड़ा मंच भी है। इवेंट इंडस्ट्री आज लोगों को जोड़ने, नई रचनात्मकता को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने दुनिया भर के इवेंट मैनेजर्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इवेंट्स केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मक सोच को बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं।
“Global Peace Through Event” है इस वर्ष की थीम
गौरतलब है कि हर वर्ष 31 मई को इंटरनेशनल इवेंट मैनेजर्स डे मनाया जाता है। इस वर्ष इसकी थीम “Global Peace Through Event” रखी गई है।