जयपुर कॉट्योर शो में ग्लैमर का धमाका: संदीपा धार समेत 4 नई एक्ट्रेसेस बनेंगी शोस्टॉपर, जानें कब और कहां सजेगा फैशन का महाकुंभ
अनन्य सोच । Jaipur Couture Show Season 14: राजस्थान की फैशन इंडस्ट्री के लिए यह हफ्ता खास होने वाला है। शहर के सबसे बड़े फैशन इवेंट में इस बार बॉलीवुड की चमक कुछ ज्यादा ही निखरकर सामने आई है, और इसका राज मंगलवार को हुई एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुल गया।
राजस्थान के सबसे प्रतिष्ठित फैशन फेस्टिवल 'जयपुर कॉट्योर शो सीजन-14' के चौथे और अंतिम लुक का अनावरण स्वेज फार्म स्थित बियोंड कैफे में किया गया। इस मौके पर शो में शामिल होने वाली चार नई बॉलीवुड अभिनेत्रियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की गई, जिसने फैशन प्रेमियों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
कौन-कौन करेगा रैम्प वॉक?
शो के डायरेक्टर राकेश राठी के अनुसार इस साल अभिनेत्री संदीपा धार, आँचल मुंजाल, सपना सिकरवाल और अदिति सनवाल विभिन्न Designer Brands के लिए Showstopper के तौर पर रैम्प वॉक करती नजर आएंगी। इन अभिनेत्रियों की मौजूदगी शो में चार चांद लगाने वाली है।
ब्राइडल और ज्वेलरी कलेक्शन ने भी खींचा ध्यान
इवेंट में फ्यूशिया ब्राइडल कुट्योर ने अपने नए Bridal Collection की पहली झलक पेश की, जो 90 और 2000 के दशक के फैशन से प्रेरित है। इसमें पुराने दौर के शाही ग्लैमर को मॉडर्न टच के साथ प्रस्तुत किया गया। वहीं शिव ज्वेलर्स के हुकुम सिंह कुंपावत ने कुंदन, मीना और पोलकी जड़ित सोने के गहनों का शाही कलेक्शन प्रदर्शित किया। इन ज्वेलरी पीस के साथ 'युवती' ब्रांड की पारंपरिक राजपूती पोशाकों की प्रस्तुति भी दी गई, जिसकी शोस्टॉपर खुद संदीपा धार रहेंगी।
7 से 9 अगस्त तक अनंत महल में सजेगा फैशन का जलवा
शो के फाउंडर गौरव गौड़ ने बताया कि सीजन-14 का आयोजन 7 से 9 अगस्त तक अनंत महल, जयपुर में होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस भव्य Fashion Festival में देशभर के 22 फैशन डिजाइनर्स अपने Exclusive Collections प्रस्तुत करेंगे, जबकि करीब 60 मॉडल्स रैम्प पर उतरेंगी।
सबसे खास बात यह है कि इस बार पहली बार जयपुर के किसी फैशन शो में बॉलीवुड और मनोरंजन जगत की कुल 11 चर्चित हस्तियां अलग-अलग डिजाइनर्स के लिए शोस्टॉपर बनेंगी। इससे साफ है कि इस बार का जयपुर कॉट्योर शो पिछले सभी सीजन से कहीं ज्यादा भव्य और यादगार साबित होने वाला है।