जयपुर की चांदी का जलवा दिखाने की तैयारी, स्पीकर ओम बिरला को मिला JSA Silver Show के उद्घाटन का न्योता

Sep 5, 2026 - 12:36
Sep 5, 2026 - 12:38
 0
जयपुर की चांदी का जलवा दिखाने की तैयारी, स्पीकर ओम बिरला को मिला JSA Silver Show के उद्घाटन का न्योता

अनन्य सोच। जयपुर की सिल्वर इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की कवायद तेज हो गई है। जयपुर सिल्वर एसोसिएशन (JSA) ने आगामी सिल्वर शो के उद्घाटन के लिए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कोटा पहुंचकर बिरला से मुलाकात की और उन्हें कार्यक्रम की पूरी जानकारी दी।

कोटा में हुई मुलाकात, बिरला ने की पहल की तारीफ

एसोसिएशन के चेयरमैन उज्जवल डेरेवाला और सचिव राहुल गंगवाल ने कोटा जाकर ओम बिरला से भेंट की और उन्हें 22 से 24 नवंबर तक बिरला ऑडिटोरियम में होने वाले JSA Silver Show के उद्घाटन समारोह का निमंत्रण सौंपा। बिरला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जयपुर की सिल्वर ज्वेलरी को देश-दुनिया में खास पहचान हासिल है और इस इंडस्ट्री को और मजबूत करने की जरूरत है।

अलग सिल्वर जोन बनाने पर दिया जोर

बातचीत के दौरान बिरला ने सुझाव दिया कि जयपुर में सिल्वर इंडस्ट्री के लिए अलग से एक डेडिकेटेड जोन विकसित किया जाना चाहिए। उनका मानना है कि इससे मैन्युफैक्चरर्स, होलसेलर्स और कारीगरों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे जयपुर की सिल्वर पहचान और मजबूत होगी।

200 से ज्यादा एग्जीबिटर्स, 10 हजार विजिटर्स की उम्मीद

तीन दिवसीय इस शो में देश-विदेश के 200 से अधिक एग्जीबिटर्स हिस्सा लेंगे, वहीं आयोजकों को 10 हजार से ज्यादा विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान सिल्वर ज्वेलरी के लेटेस्ट डिजाइन, नए कलेक्शन और पारंपरिक कारीगरी को खास तौर पर प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे कारोबारियों को बाजार के बदलते ट्रेंड समझने का मौका मिलेगा।

सिल्वर कारोबार को मिलेगा ग्लोबल प्लेटफॉर्म

चेयरमैन उज्जवल डेरेवाला के मुताबिक इस शो का मकसद जयपुर की सिल्वर इंडस्ट्री को अंतरराष्ट्रीय मंच देना है। देशभर के कारोबारियों के एक साथ आने से नई बिजनेस नेटवर्किंग और कारोबारी अवसर पैदा होंगे। मुलाकात के दौरान कोटा सर्राफा एसोसिएशन के आनंद राठी सहित कई ज्वेलर्स संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।