आमेर की शाही मेहमाननवाजी से गूंजेगा जयपुर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का होगा राजस्थानी अंदाज में स्वागत
जलेब चौक में दिखेगी लोक संस्कृति की झलक, हाथी गांव दौरे की भी चर्चा
अनन्य सोच। गुलाबी नगरी जयपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और राजस्थानी संस्कृति के संगम का गवाह बनने जा रही है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो 25 मई को जयपुर दौरे पर आ रहे हैं। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन, पर्यटन विभाग और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
सूत्रों के अनुसार, मार्को रूबियो दोपहर करीब 2 बजे जयपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे विश्व प्रसिद्ध आमेर महल पहुंचेंगे, जहां उनका पारंपरिक राजस्थानी शैली में भव्य स्वागत किया जाएगा। आमेर फोर्ट के ऐतिहासिक जलेब चौक में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के जरिए राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, लोक संगीत और परंपराओं की झलक दिखाई जाएगी।
आमेर महल में दिखेगा राजस्थान का रंग
पर्यटन विभाग ने आमेर महल परिसर में विशेष सजावट, लाइटिंग और साफ-सफाई का कार्य तेज कर दिया है। विदेशी मेहमान के स्वागत को यादगार बनाने के लिए पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों और स्वागत दलों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि रूबियो को राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा अनुभव मिल सके।
सूत्रों का कहना है कि अमेरिकी विदेश मंत्री जयपुर के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ दिल्ली रोड स्थित हाथी गांव का भी दौरा कर सकते हैं। हालांकि आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है, लेकिन संभावित दौरे को देखते हुए वहां भी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
विदेश मंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। आमेर महल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। पर्यटक सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ट्रैफिक प्रबंधन की भी विशेष योजना तैयार की गई है।
राजधानी जयपुर में इस हाई प्रोफाइल दौरे को लेकर पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में भी उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि यह दौरा राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने में अहम साबित हो सकता है।