मिस राजस्थान 2026 के ग्रैंड फिनाले में पहली बार असली हीरों में चमकेंगी क्वींस, जानें क्या है खास!
अनन्य सोच। सोचिए जब रैंप पर चलने वाली हर मॉडल असली हीरों के गहनों में जगमगाए, तो नजारा कैसा होगा? जयपुर में आज कुछ ऐसा ही अनोखा और शाही नजारा देखने को मिलने वाला है, जो अब तक मिस राजस्थान के मंच पर कभी नहीं हुआ। मिस राजस्थान 2026 (Miss Rajasthan 2026) का बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले शनिवार को बिरला सभागार में आयोजित होगा। इस भव्य आयोजन में फैशन, ग्लैमर और टैलेंट का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जिसमें तीन विशेष फैशन राउंड शामिल होंगे। पहले राउंड में निवारा कॉलेज ऑफ डिजाइन (Nivara College of Design) के विद्यार्थियों द्वारा तैयार खास डिजाइनों का फैशन शो पेश किया जाएगा, तो दूसरे राउंड में JKJ Fashion का विशेष कलेक्शन रैंप पर उतरेगा। पूरे शो के दौरान मशहूर मेकअप आर्टिस्ट मधु यादव का मेकअप लुक दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
पहली बार असली डायमंड ज्वेलरी में रैंप पर उतरेंगी क्वींस
इस ग्रैंड फिनाले की सबसे बड़ी खासियत रहेगी परंपरा द ज्वेल्स (Parampara The Jewels) की रियल डायमंड ज्वेलरी (Real Diamond Jewellery)। शो में मिस राजस्थान की पूर्व विजेताएं (Previous Queens) असली हीरों के गहने पहनकर रैंप वॉक करेंगी। आयोजकों के मुताबिक यह पहला मौका होगा जब मिस राजस्थान के मंच पर प्रतिभागी और पूर्व विजेता दोनों वास्तविक डायमंड ज्वेलरी में अपनी शाही अदाओं का प्रदर्शन करेंगी। इसके अलावा शिव ज्वेलर्स के हुकुम सिंह की पारंपरिक ज्वेलरी भी शो की शान बढ़ाएगी।
आयोजकों ने बताया कि मिस राजस्थान सिर्फ एक ब्यूटी पेजेंट (Beauty Pageant) नहीं, बल्कि राज्य की प्रतिभाशाली युवतियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का सशक्त जरिया है। प्रतियोगिता की विजेता आगे चलकर विभिन्न नेशनल और इंटरनेशनल पेजेंट्स में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करती हैं। आयोजक योगेश मिश्रा, निमिषा मिश्रा और डायरेक्टर एकता जैन ने ग्रैंड फिनाले की पूरी रूपरेखा साझा करते हुए दर्शकों को इस शाही शाम का हिस्सा बनने का न्यौता दिया।