Panchayati Raj Election 2026: राज्य निर्वाचन आयुक्त ने ली VC, 1.55 लाख पदों पर चुनाव की तैयारियों के निर्देश
Panchayati Raj Election 2026 की तैयारियों पर राज्य निर्वाचन आयुक्त की VC। 1.55 लाख पदों पर चुनाव, हर ग्राम पंचायत में Generator-Lighting और संवेदनशील केंद्रों पर निगरानी के निर्देश।
अनन्य सोच । राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में 10 हजार 245 पदों पर चुनाव कराए गए थे, जबकि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में लगभग 1 लाख 55 हजार पदों पर निर्वाचन होना है। उन्होंने कहा कि चुनाव का दायरा बड़ा होने के कारण सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता, बेहतर समन्वय और व्यापक तैयारी के साथ काम करना होगा। उनका जोर रहा कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों।
सिंह शनिवार को शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की अध्यक्षता कर रहे थे। इसमें सभी संभागीय आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) शामिल हुए।
हर Gram Panchayat में Generator और Lighting
आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में जरूरत के अनुसार जनरेटर और लाइटिंग की व्यवस्था रहे, ताकि निर्वाचन कार्यों के दौरान बिजली बाधित न हो। बिजली कंपनियों के अधिकारियों से समन्वय कर निर्वाचन अवधि में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया। मतदान केंद्रों पर बिजली, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाओं का पहले से सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।
Law and Order और Sensitive Booth पर निगरानी
संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन और पुलिस को आपसी समन्वय से काम करने और हर संभावित स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया। मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर कमियां समय रहते दूर करने पर भी जोर दिया गया।
मतदान दल, EVM और निर्वाचन सामग्री की समीक्षा
वीसी में मतदान दलों के गठन व प्रशिक्षण, परिवहन व्यवस्था, ईवीएम और मतपेटियों की उपलब्धता, मतपत्रों के मुद्रण व सुरक्षा तथा निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन की समीक्षा की गई। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम करने और नियमानुसार वीडियोग्राफी कराने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने आदर्श आचरण संहिता की पालना सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में आयोग के सचिव राजेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।