पेरिस में गूंजेगा राजस्थान का सुर-साम्राज्य: PM Modi के सामने Dhod Band रचेगा इतिहास, 119 देशों का सफर बनेगा गौरव की गाथा
18 जून को Paris में आयोजित Bonjour Modi कार्यक्रम में Rajasthan का Dhod Band अपनी लोक-संगीत की अनूठी छटा बिखेरेगा।
अनन्य सोच। राजस्थान की लोक संस्कृति एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने जा रही है। प्रसिद्ध लोक कलाकार रहीस भारती के नेतृत्व में Dhod Band 18 जून को फ्रांस की राजधानी Paris में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित Bonjour Modi कार्यक्रम में विशेष प्रस्तुति देगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री Narendra Modi की उपस्थिति इसे और भी खास बना रही है।
Paris के ऐतिहासिक Salle Pleyel Concert Hall में आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक आयोजन में भारतीय संस्कृति, प्रवासी भारतीय समुदाय और भारत-फ्रांस संबंधों की झलक देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि रहीस भारती और उनके दल का चयन Indian Embassy, Paris द्वारा किया गया है, जो राजस्थान की लोक विरासत के लिए बड़े सम्मान की बात मानी जा रही है।
वर्तमान में Europe Tour 2026 पर निकला Dhod Band राजस्थान के दूर-दराज गांवों से जुड़े करीब 20 लोक कलाकारों के साथ यूरोप के विभिन्न देशों में भारतीय लोक संगीत का जादू बिखेर रहा है। यह दल केवल प्रस्तुति नहीं देता, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान को विश्व मंच तक पहुंचाने का कार्य भी करता है।
पिछले 26 वर्षों में रहीस भारती और Dhod Band ने 119 से अधिक देशों में प्रस्तुतियां देकर एक अनूठा रिकॉर्ड बनाया है। उनके प्रयासों से 700 से ज्यादा लोक कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच मिले हैं। लंगा, मांगणियार, कालबेलिया, ढाढ़ी, दमामी और राणा समुदायों की लोक कलाओं को वैश्विक पहचान दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
Bonjour Modi कार्यक्रम के बाद भी यह सांस्कृतिक यात्रा जारी रहेगी। Dhod Band को Portugal, Germany, Switzerland, Italy, Spain और फ्रांस के कई शहरों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय Music Festivals और Cultural Events में प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया है।
रहीस भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रस्तुति देना उनके लिए गर्व का क्षण है। यह केवल एक बैंड की उपलब्धि नहीं, बल्कि राजस्थान की लोक संस्कृति और भारत की सांस्कृतिक विरासत का वैश्विक सम्मान है।