राजस्थान के मरीजों को बड़ी राहत: अब देशभर में मिलेगा ₹25 लाख तक का कैशलेस इलाज, 6 महीने में 30 हजार से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

Jul 21, 2026 - 15:13
Jul 21, 2026 - 16:57
 0
राजस्थान के मरीजों को बड़ी राहत: अब देशभर में मिलेगा ₹25 लाख तक का कैशलेस इलाज, 6 महीने में 30 हजार से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

अनन्य सोच। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना के तहत राजस्थान सरकार ने प्रदेशवासियों को बड़ी राहत देते हुए राज्य से बाहर भी कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई है। आउटबाउंड इंटर-स्टेट पोर्टेबिलिटी व्यवस्था लागू होने के बाद अब प्रदेश के पात्र परिवार देश के अधिकांश राज्यों में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) से संबद्ध अस्पतालों में 25 लाख रुपये तक का निःशुल्क कैशलेस इलाज करा सकते हैं। वर्तमान में यह सुविधा कर्नाटक और तमिलनाडु को छोड़कर देश के अन्य राज्यों में उपलब्ध है।

15 दिसंबर 2025 से लागू इस व्यवस्था का लाभ पिछले छह महीनों में 30 हजार से अधिक मरीज उठा चुके हैं। अब तक 5,959 क्लेम प्रस्तुत किए गए हैं, जिनकी कुल राशि 17 करोड़ रुपये से अधिक है। इस सुविधा के माध्यम से मरीजों ने हार्ट स्टेंट, बायपास सर्जरी, कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी, डायलिसिस, सामान्य सर्जरी तथा सिजेरियन प्रसव सहित कई जटिल उपचारों का लाभ लिया है।

मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के समन्वय से संचालित की जा रही है। इसके तहत राजस्थान के 1.36 करोड़ पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाता है। योजना में 2,179 उपचार पैकेज शामिल हैं, जिनमें सामान्य बीमारियों से लेकर कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग और अंग प्रत्यारोपण जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज भी शामिल है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार लाभार्थियों ने सबसे अधिक उपचार गुजरात, हरियाणा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली के अस्पतालों में कराया है। इंटर-स्टेट पोर्टेबिलिटी के तहत देशभर में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े करीब 30 हजार अस्पतालों (सरकारी एवं निजी) में यह सुविधा उपलब्ध है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को राज्य की सीमाओं से बाहर भी बिना आर्थिक बोझ के गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना की यह पहल जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।