स्पोर्ट्स कोच बनने का सुनहरा मौका! RPSC ने जारी किए जरूरी निर्देश, 25 अगस्त तक करना होगा ये जरूरी काम

कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और हैंडबॉल कोच बनने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने अगले कदम को लेकर अहम गाइडलाइन जारी कर दी है, जिसे नजरअंदाज करना उम्मीदवारों को भारी पड़ सकता है।

Aug 21, 2026 - 17:42
Aug 21, 2026 - 17:42
 0
स्पोर्ट्स कोच बनने का सुनहरा मौका! RPSC ने जारी किए जरूरी निर्देश, 25 अगस्त तक करना होगा ये जरूरी काम

अनन्य सोच। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से चल रही प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2025 में शामिल उम्मीदवारों के लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है। शारीरिक शिक्षा कोच के पदों — कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और हैंडबॉल — के लिए आयोग ने ऑनलाइन डिटेल्ड एप्लीकेशन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

गौरतलब है कि आयोग ने 13 और 14 अगस्त 2026 को इन पदों के लिए न्यूनतम उत्तीर्णांक हासिल करने वाले उम्मीदवारों की विचारित सूची (Shortlist) पहले ही जारी कर दी थी। अब इस सूची में शामिल सभी उम्मीदवारों को अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरना होगा और साथ ही अपने खेल प्रमाण पत्र भी अपलोड करने होंगे। इसके लिए पोर्टल 25 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक खुला रहेगा, यानी उम्मीदवारों के पास अब बहुत कम समय बचा है।

आयोग ने साफ किया है कि उम्मीदवारों को अपनी SSO ID के जरिए रिक्रूटमेंट पोर्टल पर लॉगिन कर "माय रिक्रूटमेंट-डिटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी" सेक्शन में जाकर आवेदन करना होगा। हालांकि, इसके बाद इन आवेदनों और दस्तावेजों की जांच की जिम्मेदारी माध्यमिक शिक्षा विभाग की होगी, न कि आयोग की।

खास बात यह है कि आवेदन सबमिट करने के बाद उम्मीदवारों को फॉर्म का प्रिंट निकालकर दो प्रतियों में संभालकर रखना जरूरी होगा, क्योंकि विभाग की ओर से तय तारीख पर मूल दस्तावेजों के साथ सत्यापन के लिए उपस्थित होना अनिवार्य होगा। यदि कोई उम्मीदवार तय समय पर दस्तावेज सत्यापन के लिए नहीं पहुंचा, तो उसे अपात्र मानते हुए चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद ही पात्र उम्मीदवारों की अंतिम सूची आयोग को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।