Jio Prime: सिर्फ ₹300 में एक साल तक रिचार्ज की टेंशन खत्म, जानें कैसे मिलेगा फायदा
मोबाइल रिचार्ज महंगा होने की चिंता अब भूल जाइए। Jio लेकर आया है ऐसा प्लान, जो पूरे एक साल तक आपकी जेब पर नहीं पड़ने देगा असर।
अनन्य सोच। टेलीकॉम सेक्टर में बढ़ते रिचार्ज खर्च के बीच Reliance Jio ने अपने ग्राहकों को बड़ी राहत देने वाला ऐलान किया है। कंपनी ने Jio Prime मेंबरशिप लॉन्च करने की घोषणा की है, जिसके जरिए ग्राहक सिर्फ ₹300 की एकमुश्त सदस्यता लेकर अपने मौजूदा प्लान की कीमत को पूरे एक साल के लिए लॉक कर सकेंगे। यानी अगर आगे टैरिफ बढ़ते भी हैं, तो Prime मेंबर्स को इसका कोई असर नहीं झेलना पड़ेगा।
20 अगस्त से शुरू होगी सदस्यता
Jio Prime की सदस्यता 20 अगस्त से उपलब्ध होगी। ग्राहक इसे MyJio ऐप, Jio.com वेबसाइट, Jio Store या अधिकृत Jio पार्टनर स्टोर से आसानी से खरीद सकेंगे। खास बात यह है कि यह सुविधा सिर्फ पुराने ग्राहकों तक सीमित नहीं है। मौजूदा प्रीपेड और पोस्टपेड यूजर्स के साथ-साथ नए ग्राहक भी इसका लाभ उठा सकते हैं। यहां तक कि दूसरे नेटवर्क से नंबर पोर्ट कराने वाले या नया Jio कनेक्शन लेने वाले ग्राहक भी Prime मेंबरशिप में शामिल हो सकते हैं।
5 सितंबर 2027 तक लॉक रहेगी कीमत
Prime सदस्यता लेने वाले ग्राहकों की मौजूदा प्लान की कीमत 5 सितंबर 2027 तक फिक्स रहेगी। सबसे दिलचस्प बात यह है कि ग्राहक किसी एक प्लान में बंधे नहीं रहेंगे, बल्कि दूसरे Jio प्लान से रिचार्ज करने पर भी उन्हें Prime का फायदा मिलता रहेगा।
Airtel के फैसले के बाद बढ़ी अहमियत
यह ऐलान ऐसे समय आया है जब Airtel ने हाल ही में अपने प्रीपेड पोर्टफोलियो से ₹299 वाला प्लान हटा दिया है, जिसके बाद 28 दिन की डेली-डेटा कैटेगरी में ₹349 अब सबसे सस्ता विकल्प बन गया है। ऐसे में Jio ने साफ कर दिया है कि उसका ₹299 वाला प्लान जारी रहेगा, जिससे यह ऑफर ग्राहकों के लिए और भी आकर्षक बन गया है।
कैशबैक वाउचर का भी मिलेगा तोहफा
Prime सदस्यता के साथ ग्राहकों को कुल ₹600 के दो कैशबैक वाउचर भी मिलेंगे। इसके अलावा नए प्रोडक्ट्स का अर्ली एक्सेस और प्रायोरिटी कस्टमर सपोर्ट जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी।