PM मोदी 27 अक्टूबर को करेंगे Emerging Science, Technology and Innovation Conclave 2026 का उद्घाटन, भारत मंडपम में जुटेंगे दिग्गज
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 अक्टूबर को भारत मंडपम में Emerging Science, Technology and Innovation Conclave 2026 का उद्घाटन करेंगे। 12 विषयों पर चर्चा और 150 Deep-Tech Startups की प्रदर्शनी होगी।
अनन्य सोच । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में Emerging Science, Technology and Innovation Conclave (ESTIC) 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे सम्मेलन में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे।
तीन दिन, 12 विषय: AI से लेकर ओशन साइंस तक
27 से 29 अक्टूबर तक चलने वाले इस कॉन्क्लेव में प्रमुख वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के दिग्गज, स्टार्टअप और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ एक मंच पर आएंगे। 12 विषयगत क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोटेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स, विनिर्माण, हेल्थकेयर, ऊर्जा, जलवायु और महासागर विज्ञान शामिल हैं। चर्चा का केंद्र अनुसंधान की प्राथमिकताएं, राष्ट्रीय क्षमताएं और वैज्ञानिक प्रगति को व्यावहारिक उपयोग में बदलना होगा।
150 Deep-Tech Startups की प्रदर्शनी
कॉन्क्लेव में तकनीक और नवाचार की बड़ी प्रदर्शनी भी लगेगी, जिसमें देश की वैज्ञानिक उपलब्धियां और उभरती तकनीकें दिखाई जाएंगी। लगभग 150 डीप-टेक स्टार्टअप के स्टॉल होंगे। लोगों की दिलचस्पी बढ़ाने के लिए थीम-आधारित वीडियो, तकनीकी प्रदर्शन, वृत्तचित्र, सूचना कियोस्क और ऑगमेंटेड व वर्चुअल रियलिटी के अनुभव भी शामिल होंगे।
Global Connect Networking Event: 300 से अधिक प्रतिभागी
नई पहल ग्लोबल कनेक्ट नेटवर्किंग इवेंट के तहत भारत और विदेश के शिक्षा जगत, अनुसंधान संस्थानों और उद्योग से 300 से अधिक आमंत्रित प्रतिभागी जुटेंगे। यह मंच अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान साझेदारियों, उद्योग-शिक्षा सहयोग और नवाचारों को प्रयोगशाला से बाजार तक पहुंचाने के रास्तों पर चर्चा का अवसर देगा।