जयपुर में सजी हुनर की महफिल! क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 की टॉप-28 ब्यूटीज़ ने रैंप पर बिखेरा जलवा
आमेर रोड स्थित होटल जयपुर हेरिटेज में हुआ ग्लैमर और टैलेंट का अनोखा संगम, सैश सेरेमनी में फाइनलिस्ट ने डांस-सिंगिंग से जीता दिल, अब ग्रैंड फिनाले से पहले होगी 5 दिन की खास ग्रूमिंग ट्रेनिंग।
अनन्य सोच। शहर में शुक्रवार को ग्लैमर और टैलेंट का जबरदस्त नजारा देखने को मिला, जब आमेर रोड स्थित होटल जयपुर हेरिटेज में क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 (Queen of Rajasthan Season 5) का भव्य आगाज हुआ। सैश सेरेमनी और टैलेंट राउंड के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में चयनित टॉप-28 फाइनलिस्ट ने अपने आत्मविश्वास, पर्सनैलिटी और हुनर से सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में फाइनलिस्ट को सैश पहनाकर सम्मानित किया गया और प्रतियोगिता के अगले चरण के लिए उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में शिव सिंह शेखावत, आमेर गुप्ता, अशोक बड़गुर्जर, शालिनी शर्मा (मिसेज क्वीन ऑफ राजस्थान-2025), कोमल गिल (फाइनलिस्ट, क्वीन ऑफ इंडिया-2025), उर्वशी सुखवानी (भारत की पहली रनर अप क्वीन 2025) और ऊर्जा पटेल (राजस्थान 2025 की दूसरी रनर अप क्वीन) सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
टैलेंट राउंड सबसे रोमांचक पल रहा, जहां प्रतिभागियों ने डांस, सिंगिंग, एक्टिंग और मिमिक्री जैसी विभिन्न प्रस्तुतियों से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रैंप पर उनकी अदाओं, आत्मविश्वास और स्टेज प्रेजेंस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज सुनाई दी।
क्वीन ऑफ राजस्थान के संस्थापक एवं निदेशक मोनू वर्मा ने बताया कि अब सभी फाइनलिस्ट के लिए पांच दिवसीय ग्रूमिंग सेशन आयोजित किए जाएंगे, जिसमें फैशन इंडस्ट्री के विशेषज्ञ रैंप वॉक, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, कम्युनिकेशन स्किल्स और स्टेज प्रेजेंस जैसी बारीकियों की ट्रेनिंग देंगे।
जयपुर डायरेक्टर विराट गोविंद्र ने कार्यक्रम का उद्देश्य साफ करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता का मकसद सिर्फ विजेता चुनना नहीं, बल्कि प्रतिभागियों के व्यक्तित्व को निखारकर उन्हें फैशन और ग्लैमर इंडस्ट्री के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम का शानदार संचालन आरजे राहुल ने अपने ऊर्जावान अंदाज में किया, जबकि इन यादगार पलों को फोटोग्राफर अनिल कुमार ने अपने कैमरे में कैद किया। अब सबकी निगाहें ग्रैंड फिनाले पर टिकी हैं, जहां ये फाइनलिस्ट अपना बेस्ट परफॉर्मेंस देंगी।