राजस्थान समेत 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का बिगुल, 18 जून को होगी वोटिंग
राजस्थान के तीन सांसदों का कार्यकाल समाप्त, चुनाव आयोग ने जारी किया पूरा शेड्यूल
अनन्य सोच। देश की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। चुनाव आयोग ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। देश के 10 राज्यों से राज्यसभा के 24 सदस्यों का कार्यकाल जून और जुलाई 2026 में समाप्त हो रहा है, जिसके लिए चुनाव प्रक्रिया जून महीने में पूरी कराई जाएगी। राजस्थान से भी तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, जिससे प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
राजस्थान से चुने गए राज्यसभा सांसद Neeraj Dangi, Rajendra Gehlot और Ravneet Singh का कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में इन सीटों के लिए नए सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।
1 जून को जारी होगी अधिसूचना
चुनाव आयोग के अनुसार राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 1 जून 2026 को जारी की जाएगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।
यदि आवश्यक हुआ तो 18 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके तुरंत बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। आयोग ने 20 जून तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने का लक्ष्य तय किया है।
विशेष बैंगनी स्केच पेन से ही होगा मतदान
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान विधायक केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही उपयोग करेंगे। किसी अन्य पेन का उपयोग करने पर मत अमान्य माना जा सकता है।
निष्पक्ष चुनाव के लिए होगी कड़ी निगरानी
आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के निर्देश दिए हैं। चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव भले ही अप्रत्यक्ष हों, लेकिन इनका असर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति दोनों पर दिखाई देता है। राजस्थान की तीन सीटों को लेकर अब राजनीतिक दलों के भीतर रणनीति और उम्मीदवारों के चयन को लेकर चर्चाएं तेज होने लगी हैं।