गर्मी की छुट्टियों में रेलवे का बड़ा तोहफा: जोधपुर-रामदेवरा स्पेशल ट्रेन चलेगी, यात्रियों को मिलेगी राहत
रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए स्पेशल रेलसेवा शुरू, वहीं बांद्रा रूट पर ट्रेन आंशिक रद्द
अनन्य सोच। गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने 18 मई को जोधपुर-रामदेवरा स्पेशल रेलसेवा चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन खासतौर पर रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा के लिए संचालित की जाएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार स्पेशल रेलसेवा 18 मई को सुबह 9:30 बजे जोधपुर से रवाना होकर दोपहर 1 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल रेलसेवा दोपहर 2 बजे रामदेवरा से रवाना होकर शाम 5:30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
रेलवे प्रशासन के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में राईकाबाग, मंडौर, मारवाड़ मथानिया, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलौदी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में 8 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 10 कोच लगाए जाएंगे।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गर्मी की छुट्टियों में धार्मिक स्थलों की ओर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह सेवा यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी।
बांद्रा रूट पर यात्रियों के लिए जरूरी खबर
वहीं दूसरी ओर, रेलवे ने बांद्रा टर्मिनस स्टेशन पर चल रहे प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य के कारण मदार-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल रेलसेवा को आंशिक रूप से रद्द करने का फैसला लिया है।
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि 15 मई को संचालित होने वाली मदार-बांद्रा टर्मिनस एक तरफा स्पेशल रेलसेवा बोरीवली और बांद्रा टर्मिनस स्टेशन के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।