सीमित संसाधन प्रतिभा की राह में बाधा नहीं: विधानसभा अध्यक्ष देवनानी
300 जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को मिली प्रोत्साहन राशि, शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण का आधार
अनन्य सोच। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रतिभा कभी भी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। जरूरत केवल सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर की होती है। जब समाज शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी निभाता है, तब प्रतिभाशाली विद्यार्थी आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वे सिंधी शिक्षा विकास समिति, अजमेर द्वारा आदर्श विद्या निकेतन विद्यालय में आयोजित प्रतिभावान एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के नकद प्रोत्साहन राशि वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में करीब 300 विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
देवनानी ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारी का आधार भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित, संस्कारवान और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में निरंतर परिश्रम करने वाले छात्र ही जीवन में बड़ी सफलता हासिल करते हैं।
उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से शिक्षा के क्षेत्र में आगे आकर सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रतिभा को संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि सिंधी शिक्षा विकास समिति पिछले 20 वर्षों से समाज के बच्चों के शैक्षिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। संस्था द्वारा विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य सामग्री, स्कूल बैग, यूनिफॉर्म, स्वेटर और विद्यालय शुल्क सहित विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाई जाती है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। यदि उन्हें सही दिशा, अवसर और नैतिक मूल्य मिलते हैं तो वे समाज और देश का गौरव बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद रमेश चेलानी ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि समिति समय-समय पर जरूरतमंद बच्चों को मिठाई एवं आवश्यक सामग्री भी वितरित करती है। वहीं सतगुरु आर्केड के राजा डी. थारवानी ने युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में समाजसेवी गोविंद खटवानी, जितेंद्र रंगवानी, रामचंद्र गुलाबानी, भगवान दास हरवानी, चंद्र लखानी, प्रतीक मोटवानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।