साल का आखिरी चंद्रग्रहण आज

सूर्योदय के साथ ही लग जाएगा सूतक                                                रहेगी                                                         

अविनाश पाराशर

                                                                      
जयपुर। साल का आखिरी चंद्र ग्रहण आज मंगलवार को लगने जा रहा है। ग्रहण का सूतक सूर्योदय के साथ ही शुरू हो जाएगा। सामान्यत: ग्रहण का सूतक ग्रहण प्रारंभ के 9 घंटे पूर्व माना गया है किंतु यदि ग्रहण यदि ग्रस्तोदय हो तो शास्त्रों में सूर्योदय से ही सूतक मान्य किए जाने के निर्देश मिलते हैं। अत: सूर्योदय से ही मंदिरों के पट बंद हो जाएंगे और शाम को ग्रहण के शुद्ध हो जाने  के बाद ही धार्मिक गतिविधियां शुरू होगी।  ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा ने बताया कि जयपुर में यह ग्रहण शाम 5.37 बजे दृश्य होगा और  समापन शाम 6.19 मिनट पर होगा। ग्रहण की कुल अवधि 42 मिनट की रहेगी। राजस्थान में यह ग्रहण खग्रास समाप्ति बाद अर्थात खंडग्रास ग्रस्तोदय स्थिति में दिखाई देगा। ग्रहणकाल में मंदिरों में कीर्तन और हवन होगा।
 ज्योतिषाचार्य के अनुसार जब दो ग्रहण कम समय के अंतराल में आते हैं तो प्राकृतिक आपदाएं, मौसम में अचानक बड़ा परिवर्तन होता है, तेज हवा के साथ आंधी, भूकंप,  आने की बड़ी आशंका बनी रहती है, इसके अलावा देश में तनाव और डर का माहौल भी हो सकता है। प्रशासन में किसी बात को लेकर डर रहेगा और कुछ जगहों पर दुर्घटनाएं बढ़ेगी। औद्योगिक विकास कार्य में गिरावट आ सकती है। व्यवसायिक वर्ग में भी चिंता बनी रहेगी।

ज्योतिषाचार्य के अनुसार अनुसार ग्रहण के कारण देश- दुनिया में काफी उथल-पुथल देखने को मिलेगी। 15 दिन के अंतराल में यह दूसरा ग्रहण लगने जा रहा है। इससे पूर्व गोवर्धन पूजा पर सूर्य ग्रहण लगा था। अब दोबारा 15 दिन के अंदर यह दूसरा चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। खास बात यह है कि सूर्यग्रहण भी मंगलवार के दिन लगा था और चंद्र ग्रहण भी मंगलवार को ही लगने जा रहा है जो कि देश-दुनिया के लिए शुभ नहीं है। यह चंद्र ग्रहण भरणी नक्षत्र और मेष राशि में घटित होने जा रहा है। इन राशि वालों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।  ग्रहण मिथुन, कर्क, वृश्चिक, कुंभ राशि वालों के लिए शुभ फलदायक रहेगा। वहीं मेष, वृषभ, सिंह ,कन्या ,तुला, धनु, मकर ,मीन राशि वालों के लिए शुभ नहीं है।