अक्षय कुमार लाएंगे बॉलीवुड की पहली Alien Thriller: 23 अगस्त से London में शुरू होगी 'समुक' की शूटिंग, हॉलीवुड एक्सपर्ट्स भी जुड़े
विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन और कनिष्क वर्मा के डायरेक्शन में बनेगी फिल्म, 90 प्रतिशत शूटिंग होगी लंदन में, 2027 में सिनेमाघरों में देगी दस्तक
अनन्य सोच। बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार एक बार फिर अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार वे कुछ बिल्कुल नया और अनोखा लेकर आ रहे हैं। अक्षय जल्द ही अपनी आने वाली फिल्म 'समुक' की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं, जिसे भारत की पहली Alien Thriller के तौर पर पेश किया जा रहा है।
इस बड़े प्रोजेक्ट का निर्माण जाने-माने प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह कर रहे हैं, जबकि डायरेक्शन की कमान कनिष्क वर्मा के हाथों में होगी। खास बात यह है कि अक्षय कुमार और विपुल अमृतलाल शाह की जोड़ी कोई नई नहीं है। इससे पहले दोनों 'आंखें', 'नमस्ते लंदन' और 'सिंह इज किंग' जैसी सुपरहिट फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा चुकी हैं। अब लंबे अंतराल के बाद यह जोड़ी एक बार फिर 'समुक' के लिए साथ आई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की मुख्य शूटिंग 23 अगस्त से London में शुरू होगी। सबसे दिलचस्प बात यह है कि फिल्म का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा लंदन में ही शूट किया जाएगा, जबकि बाकी बचा हुआ हिस्सा मुंबई में फिल्माया जाएगा। फिल्म को खासतौर पर थिएटर रिलीज के लिए तैयार किया जा रहा है और इसके 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिल्म को लेकर मेकर्स की तैयारियां किसी बड़े इंटरनेशनल प्रोजेक्ट से कम नहीं हैं। इसमें अक्षय कुमार एक बिल्कुल अलग और अनदेखे किरदार में नजर आने वाले हैं, हालांकि उनके रोल को लेकर अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। फिल्म की भव्यता बढ़ाने के लिए प्रोडक्शन टीम में दो इंटरनेशनल एक्सपर्ट्स को भी शामिल किया गया है, जिनमें पूर्व रॉयल मरीन कमांडो और स्टंट को-ऑर्डिनेटर ल्यूक टंबर का नाम प्रमुख है। ल्यूक इससे पहले 'वेनम', 'स्टार वॉर्स' और 'मिशन इम्पॉसिबल' जैसी हॉलीवुड की बड़ी फ्रैंचाइजी के साथ काम कर चुके हैं।
फिलहाल फिल्म की कहानी और बाकी स्टारकास्ट को लेकर मेकर्स ने चुप्पी साध रखी है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।