‘सुरीली शाम सुर के नाम’ में गूंजे Evergreen Duet Songs: 5 से 75 साल के Singers ने बांधा समां, तालियों से गूंजा Auditorium
अनन्य सोच। संगीत की मधुर धुनों और Evergreen Bollywood Duet Songs से सजी ‘सुरीली शाम सुर के नाम’ ने रविवार को जयपुर के संगीत प्रेमियों को यादगार शाम का तोहफा दिया। Sur Music Academy के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में 5 से 75 वर्ष तक के करीब 50 Singers ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार देर तक तालियों की गूंज से सराबोर रहा।
जयपुर के सिविल लाइन्स स्थित महावीर स्कूल ऑडिटोरियम में आयोजित इस संगीतमय आयोजन ने साबित कर दिया कि संगीत की कोई उम्र नहीं होती। Sur Music Academy के संस्थापक एवं प्रसिद्ध Music Guru आमोद चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में शहर के लगभग 50 सुर साधकों ने बॉलीवुड के 20 लोकप्रिय Duet Songs प्रस्तुत कर श्रोताओं का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शास्त्रीय संगीत की मनमोहक बंदिशों से हुई। सीमा मुंजाल, मिथिलेश नाग, पूनम जैन और कनिका वर्मा ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से शाम को सुरमयी बना दिया। इसके बाद मंच पर एक के बाद एक लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को और भी जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र युवा गायक अविरल चतुर्वेदी रहे। उन्होंने "जब से तेरे नैना मेरे नैनों से लगे रे", "मेरे ख्वाबों में जो आए" और "पल पल पल हर पल" जैसे सुपरहिट Bollywood Songs गाकर दर्शकों की भरपूर वाहवाही बटोरी। उनकी प्रस्तुति के दौरान सभागार तालियों से लगातार गूंजता रहा।
कार्यक्रम प्रबंधक वर्षा चतुर्वेदी ने बताया कि इस संगीतमय आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संगीत और सदाबहार फिल्मी गीतों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि मंच पर बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने जिस आत्मविश्वास और उत्साह के साथ प्रस्तुति दी, वह इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। Rajasthan Chamber of Commerce and Industry के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डी.एस. भंडारी, संगीत आश्रम के सचिव अमित अनुपम, जी टीवी राजस्थान के चैनल हेड मनीष शर्मा, आईएएएस अधिकारी अक्षय मोहन, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं समाजसेवी नरेश ठकराल सहित कई गणमान्य अतिथि कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज में संगीत संस्कृति को आगे बढ़ाने वाला बताया।
कार्यक्रम का संचालन आभा द्विवेदी ने किया। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों ने हर प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया। मंच पर एस्मा अग्रवाल, कविता माथुर, निशा, जयश्री, आशा दुल्लार, आभा श्रीवास्तव, रेनू भंडारी, डॉ. उषा बाफना, अनुराधा, जानवी, रिदाना, शशि सिंह, सुनीता गुप्ता, सोनम, ऋषि, शैफाली, डॉ. मंजू, डॉ. शशि, शिवानी, जानवी ठुकराल, डॉ. शमा, डॉ. कनिका, डॉ. पंकज वर्मा, गौरंगना, राजीव लोइवाल, स्वाति कौशिक, डॉ. निखिल पारीक और अनिल भारद्वाज सहित अनेक कलाकारों ने अपनी गायकी का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन पर निर्देशक आमोद चतुर्वेदी ने हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनका अमर गीत "मेरे नैना सावन भादों" प्रस्तुत किया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे सभागार को भावुक कर दिया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगीत लोगों को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है और Sur Music Academy भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का सिलसिला जारी रखेगी।