Jaipur Design Festival Day 2: शिल्प, संस्कृति और शहर पर गहन संवाद
जवाहर कला केंद्र में Jaipur Design Festival के दूसरे दिन 'क्राफ्ट, कल्चर एंड द सिटी' थीम पर workshops, forums और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।
अनन्य सोच । जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष को समर्पित तीन दिवसीय Jaipur Design Festival (जेडीएफ़) के दूसरे दिन मंगलवार को जवाहर कला केंद्र में शिल्प, संस्कृति और शहरी विकास पर रचनात्मक संवाद हुए। दिन का विषय 'क्राफ्ट, कल्चर एंड द सिटी' रहा। दिनभर चली कार्यशालाओं, विशेषज्ञ चर्चाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने design के कई आयाम सामने रखे।
चार workshops से हुई दिन की शुरुआत
फानी टेटाली ने 'कैरेक्टर डिज़ाइन एंड स्टोरीटेलिंग' कार्यशाला में किरदार गढ़ने और कहानी कहने की बारीकियां बताईं। जिनान के.बी. की कार्यशाला में बच्चों की सहज creativity और सीखने की प्रक्रिया को समझने पर जोर रहा। दोपहर में नीरज शाह ने 'द आहा मोमेंट' के जरिए नए विचारों और रचनात्मक सोच पर चर्चा की। सना सोनी की 'स्टोरीज़ इन थ्रेड' में धागों और textile art से अभिव्यक्ति के रूपों को समझाया गया।
Craft Identity और Urban Planning पर दो प्रमुख forums
'क्राफ्टिंग आइडेंटिटी' फोरम में ममता मंसिंगका, गीतांजलि कासलीवाल, मीरा गोराडिया, ईश्वर सिंह और चंद्रशेखर भेड़ा ने शिल्प, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान के संबंधों पर विचार रखे। संचालन नीरज शाह ने किया।
'द सिटी वी मेक' फोरम में नरेश नरसिम्हन, मनीषा शर्मा, गगन शर्मा और कविता जैन ने शहरों के स्वरूप, urban planning और बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक भागीदारी की भूमिका पर चर्चा की। संचालन प्रीति अग्रवाल ने किया। दोनों सत्रों में design को केवल सौंदर्य तक सीमित न मानकर सामाजिक और सांस्कृतिक बदलाव का माध्यम माना गया।
शाम को कविता और संगीत का संगम
'पिंक नॉइज़' के तहत 'आब' की संगीतमय काव्य प्रस्तुति आकर्षण रही। रोहित सिंह की कविताओं के साथ गौरव भटनागर और गौतम गुप्ता की संगीत रचनाओं ने साहित्य और संगीत का सुंदर मेल पेश किया। इसके बाद 'जल जंगल ज़मीन' शीर्षक से सांस्कृतिक प्रस्तुति हुई।
विरासत को समकालीन design से जोड़ने का प्रयास
यह festival एसोसिएशन ऑफ डिज़ाइनर्स ऑफ इंडिया (ADI) के जयपुर चैप्टर की पहल पर राजस्थान पर्यटन और जवाहर कला केंद्र के सहयोग से हो रहा है। 'रीइमैजिन जयपुर बाय डिज़ाइन' थीम वाला यह आयोजन जयपुर की 300 वर्षों की विरासत को समकालीन design, रचनात्मक विचारों और भविष्य की संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास है।