250 कुत्तों की फौज से लेकर आध्यात्मिक सफर तक! 7 अगस्त को सिनेमाघरों में मचेगा तीन फिल्मों का धमाल
इमोशन, आस्था और प्यार—इस बार 7 अगस्त को बॉलीवुड दर्शकों के लिए एक साथ तीन अलग-अलग स्वाद वाली फिल्में लेकर आ रहा है। एक तरफ स्लाइस-ऑफ-लाइफ ड्रामा है तो दूसरी तरफ आध्यात्मिक यात्रा की कहानी, और तीसरी फिल्म में तो पूरे 250 से ज्यादा कुत्ते नजर आने वाले हैं। जानिए इस हफ्ते सिनेमाघरों में क्या-क्या देखने को मिलेगा...
अनन्य सोच। 7 अगस्त 2026 (7 August 2026 Releases) को बॉलीवुड दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में एक साथ कई फिल्में दस्तक देने जा रही हैं। इनमें मुख्य रूप से "आर्यभट्ट का जीरो" (Aryabhatt Ka Zero), "हनुमान अंश" (Hanuman Ansh) और "ओह माय डॉग" (Oh My Dog) शामिल हैं। ये तीनों फिल्में अलग-अलग विधाओं की हैं और परिवार, आस्था व भावनात्मक कहानियों पर आधारित हैं।
निर्देशक कमल चंद्र की "आर्यभट्ट का जीरो" एक दिल छू लेने वाली स्लाइस-ऑफ-लाइफ (Slice of Life) कहानी है, जिसमें हिमांश कोहली, सोनल्ली सेगल और रवि किशन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। टी-सीरीज (T-Series) के बैनर तले बनी इस फिल्म का टीजर और पोस्टर पहले ही रिलीज हो चुका है और दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
दूसरी अहम फिल्म "हनुमान अंश" है, जिसका निर्देशन-लेखन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। यह फिल्म श्री नीम करोली बाबा (Neem Karoli Baba) के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित है। कहानी एक शोकग्रस्त बच्चे की आध्यात्मिक यात्रा पर केंद्रित है, जो भगवान को खोजते हुए मानवता की सेवा करना सीखता है। कास्ट में शोभिना डब्ल्यू सत्य, विहान शेडगे, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी और गुलशन पांडे शामिल हैं। पहले यह फिल्म 31 जुलाई को रिलीज होनी थी, लेकिन अब इसे 7 अगस्त के लिए शेड्यूल किया गया है। विशेष स्क्रीनिंग (Special Screening) में फिल्म को पहले ही खासी सराहना मिल चुकी है।
तीसरी फिल्म "ओह माय डॉग" भी इसी दिन रिलीज हो रही है। "ओएमजी 2" के निर्देशक अमित राय की यह फिल्म पंकज त्रिपाठी और पवन मल्होत्रा जैसे कलाकारों के साथ आ रही है। कहानी एक बच्चे और कुत्तों के अनोखे रिश्ते पर आधारित है, जिसमें 250 से ज्यादा कुत्तों को शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि राजकुमार राव स्टारर "प्रहार - द उज्ज्वल निकम स्टोरी" भी इसी दिन आनी थी, लेकिन व्यस्त रिलीज कैलेंडर के चलते इसे स्थगित कर दिया गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इन तीन फिल्मों में से किसे बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा पसंद करते हैं।