527 फिल्मों में से छंटी 110 बेस्ट! जयपुर में सजेगा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का महाकुंभ

47 देशों से हजारों फिल्मकारों की उम्मीदें और सिर्फ 110 सीटें फाइनल लिस्ट में। जानिए किन देशों की फिल्मों ने चयन समिति का दिल जीता और जयपुर में कब सजेगी इस सिनेमाई महोत्सव की महफिल।

Aug 10, 2026 - 15:22
Aug 10, 2026 - 15:25
 0
527 फिल्मों में से छंटी 110 बेस्ट! जयपुर में सजेगा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का महाकुंभ

अनन्य सोच । जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट (Jaipur International Film Festival Trust) द्वारा आयोजित 9वें आर्यन इंटरनेशनल चिल्ड्रन्स फिल्म फेस्टिवल ऑफ जयपुर–AICFF 2026 (Aryan International Children's Film Festival) और 11वें सिक्सटीन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स–16IFF 2026 के लिए कुल 110 फिल्मों को प्रतियोगिता के लिए नामांकित किया गया है। यह चयन 47 देशों से प्राप्त 527 फिल्मों में से चयन समिति (Selection Committee) द्वारा किया गया है। दोनों फिल्म समारोहों का आयोजन 26 से 27 अगस्त 2026 को जयपुर में किया जाएगा।

AICFF 2026 के लिए 35 देशों से प्राप्त 250 फिल्मों में से 27 देशों की 49 फिल्मों को नामांकित किया गया है। इनमें 19 शॉर्ट फिक्शन, 11 फीचर फिक्शन, 6 शॉर्ट एनिमेशन, 3 एनिमेशन फीचर, 4 शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री, 3 डॉक्यूमेंट्री फीचर सहित अन्य श्रेणियों की फिल्में शामिल हैं। वहीं 16IFF 2026 के लिए 38 देशों से प्राप्त 277 फिल्मों में से 21 देशों की 61 फिल्मों को नामांकित किया गया है, जिनमें 29 शॉर्ट फिक्शन, 13 फीचर फिक्शन और 13 डॉक्यूमेंट्री फीचर प्रमुख हैं।

चयनित फिल्मों में से उपयुक्त फिल्मों की जयपुर के विभिन्न स्कूलों में विशेष स्क्रीनिंग (Special Screening) भी आयोजित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण फिल्मों से जोड़ा जा सके और शिक्षा, रचनात्मकता व सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा मिल सके। इन फिल्मों में बच्चों, परिवार, शिक्षा, पर्यावरण, सामाजिक सरोकार, साहसिक कथाओं और मानवीय मूल्यों जैसे विविध विषय देखने को मिलेंगे।

दोनों समारोहों के लिए प्राप्त फिल्मों में भारत सहित एशिया, यूरोप, अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका के फिल्मकारों की रचनात्मक प्रस्तुतियां शामिल हैं। ट्रस्ट के अनुसार, फिल्मों का चयन गुणवत्ता, विषय-वस्तु, रचनात्मकता और सामाजिक-मानवीय दृष्टिकोण के आधार पर किया गया है।

ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी हनु रोज (Hanu Roj) ने बताया कि AICFF और 16IFF के माध्यम से जयपुर को बच्चों, युवाओं और अंतरराष्ट्रीय फिल्मकारों के बीच एक महत्वपूर्ण फिल्म एवं सांस्कृतिक संवाद के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास जारी है।