90 के दशक में लौटी शाम! ममता कुलकर्णी को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, अपने ही गानों पर दी जबरदस्त परफॉर्मेंस
जब मंच पर बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा को सम्मानित किया गया और फिर उन्होंने खुद अपने पुराने हिट गानों पर प्रस्तुति दी, तो पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जयपुर में हुए इस भव्य आयोजन में क्षेत्रीय सिनेमा को मिली शानदार पहचान ने सबका दिल जीत लिया।
अनन्य सोच । मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में राजस्थान फिल्म फेस्टिवल (Rajasthan Film Festival) का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें देशभर की क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बॉलीवुड के साथ-साथ विभिन्न रीजनल फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार एक मंच पर नजर आए।
शरमन जोशी और ईशा कोपिकर ने संभाली मेजबानी
समारोह की एंकरिंग बॉलीवुड एक्टर शरमन जोशी और ईशा कोपिकर ने की। शरमन जोशी का राजस्थानी अंदाज दर्शकों को खासा पसंद आया, उन्होंने स्थानीय डायलॉग बोलकर ऑडियंस से गहरा जुड़ाव बनाया, जबकि ईशा कोपिकर ने अपनी स्टेज प्रजेंस से कार्यक्रम को नया रंग दिया।
ममता कुलकर्णी को मिला सबसे बड़ा सम्मान
फेस्टिवल का सबसे भावुक पल रहा जब अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड (Lifetime Achievement Award) से नवाजा गया। यह सम्मान उनके लंबे फिल्मी करियर और सिनेमा जगत में दिए गए योगदान को देखते हुए दिया गया। अवॉर्ड लेने के बाद ममता ने अपने चर्चित गानों पर लाइव परफॉर्मेंस देकर दर्शकों को 90 के दशक की यादों में पहुंचा दिया।
कलाकारों ने भी बांधा समां
अवॉर्ड सेरेमनी के साथ-साथ श्रवण सागर, चारु असोपा, रवींद्र उपाध्याय, हनी ट्रूपर-रिनी चंद्रा और मुस्कान जैसे कलाकारों ने भी शानदार लाइव प्रस्तुतियां दीं। राजस्थानी गीतों पर हुई परफॉर्मेंस दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रही।
बेस्ट फिल्म और एक्टर की श्रेणी में मिले अवॉर्ड
रीजनल सिनेमा कैटेगरी में बंगाली फिल्म "कोरपुर" को बेस्ट मूवी चुना गया, जबकि जिम्मी शेरगिल और रिंकु राजगुरु को क्रमशः बेस्ट एक्टर और बेस्ट एक्ट्रेस का सम्मान मिला। वहीं राजस्थान फिल्म कैटेगरी में "ओमलो" फिल्म को बेस्ट मूवी का खिताब मिला, जिसमें आशीष शर्मा और निशा शर्मा को बेस्ट एक्टर-एक्ट्रेस चुना गया।
अगले साल होगा फेस्टिवल का सबसे बड़ा संस्करण
आरएफएफ की फाउंडर संजना शर्मा ने बताया कि यह फेस्टिवल क्षेत्रीय सिनेमा और कलाकारों को बड़ा मंच देने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि अगले साल राजस्थान फिल्म फेस्टिवल (Rajasthan Film Festival) का 15वां संस्करण अब तक का सबसे भव्य आयोजन होगा, जिसकी तैयारियां जल्द शुरू होंगी।