मिस राजस्थान 2026: ताज किसके सिर, 4 जुलाई को खुलेगा राज
फिनाले वीक में मेडिटेशन से मेकओवर तक की ट्रेनिंग, टॉप डिजाइनर्स और ज्वेलरी ब्रांड्स की चमक के साथ बी.एम. बिड़ला ऑडिटोरियम में सजेगा ग्रैंड फिनाले
अनन्य सोच। मिस राजस्थान 2026 के 28वें संस्करण की फिनाले वीक इस समय अपने पूरे शबाब पर है और अब बस गिनती के दिन बचे हैं जब राजस्थान को मिलेगा अपना नया 'क्वीन'। फ्यूजन ग्रुप और हैवा हेवन के सहयोग से आयोजित इस ब्यूटी पेजेंट में इस बार सिर्फ ग्लैमर ही नहीं, बल्कि माइंड और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट पर भी बराबर जोर दिया जा रहा है।
डिप्रेशन-एंजायटी से निपटने का सिखाया हुनर
फिनाले वीक के छठे दिन मेडिटेशन एक्सपर्ट निर्मला सेवानी ने टॉप फाइनलिस्ट्स के लिए खास वर्कशॉप आयोजित की। पिछले 10 वर्षों से मिस राजस्थान की गर्ल्स को मेंटर कर रहीं निर्मला सेवानी ने बताया कि मन को शांत कैसे रखें और डिप्रेशन-एंजायटी जैसी मुश्किल परिस्थितियों से किस तरह बाहर निकला जाए। इस सेशन का सबटाइटल 'ईटरनल ब्यूटी' रखा गया, जो असली खूबसूरती को भीतरी शांति से जोड़ता है।
9 दिन की जबरदस्त ग्रूमिंग, कॉर्पोरेट स्किल्स से मेकओवर तक
आयोजक योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा के मुताबिक, फाइनलिस्ट्स को एक महीने की ग्रूमिंग ट्रेनिंग के बाद फिनाले वीक में 9 दिन की इंटेंसिव एक्टिविटी से गुजारा जा रहा है। रूवी डिजिटल के आलोक शर्मा ने कॉर्पोरेट प्रजेंटेशन की बारीकियां सिखाईं, तो मधु यादव ने 'हाउ टू प्रेजेंट योरसेल्फ' सेशन में बताया कि कब, कहां और कैसे खुद को बेहतर तरीके से पेश किया जाए।
4 जुलाई को बिड़ला ऑडिटोरियम में जलवा बिखेरेगा फैशन
अब हर किसी की निगाहें 4 जुलाई पर टिकी हैं, जब बिड़ला ऑडिटोरियम में ग्रैंड फिनाले होगा। निवारा कॉलेज ऑफ डिजाइनिंग के स्टूडेंट्स अपने डिजाइन्स के साथ ओपनिंग एक्ट प्रस्तुत करेंगे। जयपुर के फेमस डिजाइनर जेकेजे फैशन टॉप 14 और ड्रेसज़िला माधुरी चेतवानी टॉप 7 के लिए अपने कलेक्शन शोकेस करेंगे। शिव ज्वेलर्स और परंपरा द ज्वेल्स की चमचमाती डायमंड ज्वेलरी भी रैंप पर नजर आएगी। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मिस राजस्थान 2026 का ताज किसके सिर सजेगा - इसका ऑफिशियल ऐलान होटल पार्क ओशन में जल्द किया जाएगा।