अटारी बॉर्डर पर गूंजा राष्ट्रगौरव, पीआईबी जयपुर के पत्रकारों ने अमृतसर में महसूस की देशभक्ति की धड़कन
Ananya soch: BSF Parade
अनन्य सोच। Rajasthan Media Delegation: पत्र सूचना कार्यालय (PIB Jaipur), जयपुर द्वारा आयोजित चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा अध्ययन दौरे के अंतर्गत राजस्थान के वरिष्ठ पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने भारत–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित अटारी बॉर्डर (Attari Border Retreat) पर आयोजित रिट्रीट परेड का अवलोकन किया. इस भव्य समारोह में देशभक्ति, अनुशासन और जोश का अद्भुत संगम देखने को मिला. रिट्रीट परेड (BSF Parade) के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों द्वारा प्रदर्शित दमदार मार्च, ऊर्जावान कदमताल और सटीक समन्वय ने उपस्थित सभी को रोमांचित कर दिया. तिरंगे के सम्मान में होने वाला यह आयोजन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का जीवंत प्रतीक है. पत्रकारों ने इसे सीमाओं की सुरक्षा और जवानों के समर्पण को समझने का महत्वपूर्ण अनुभव बताया. दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अमृतसर के प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण किया. हरमंदिर साहिब में आध्यात्मिक वातावरण और सेवा की परंपरा ने सभी को भावविभोर किया. वहीं पार्टिशन म्यूजियम में विभाजन काल के दस्तावेजों और संस्मरणों के माध्यम से इतिहास के महत्वपूर्ण अध्याय को समझा. प्रतिनिधिमंडल ने जलियांवाला बाग पहुंचकर शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को नमन किया. यह अध्ययन दौरा केंद्र सरकार की विकासात्मक और राष्ट्रीय महत्व की पहलों को समझने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है, जो पत्रकारों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हो रहा है.