जयपुर की गलियों में शूट कर रहे 'गंगाजल' के डायरेक्टर, अब राजस्थान बनेगा फिल्म टूरिज्म का नया हब

Sep 5, 2026 - 12:59
Sep 5, 2026 - 13:02
 0
जयपुर की गलियों में शूट कर रहे 'गंगाजल' के डायरेक्टर, अब राजस्थान बनेगा फिल्म टूरिज्म का नया हब

अनन्य सोच। बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर प्रकाश झा इन दिनों जयपुर में अपनी नई वेब सीरीज़ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसी बीच एक अहम मुलाकात ने राजस्थान में फिल्म पर्यटन को लेकर नई उम्मीदें जगा दी हैं। Jaipur International Film Festival (JIFF) के फाउंडर डायरेक्टर हनु रोज ने शूटिंग सेट पर पहुंचकर झा से भेंट की और राज्य में फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने पर चर्चा की।

'गंगाजल' और 'आश्रम' फेम डायरेक्टर की जयपुर में शूटिंग

'गंगाजल', 'राजनीति' और 'सत्याग्रह' जैसी चर्चित फिल्मों तथा हिट वेब सीरीज़ 'आश्रम' के लिए मशहूर प्रकाश झा फिलहाल जयपुर के मानसरोवर, कुकस और मालवीय नगर इलाकों में अपनी आगामी वेब सीरीज़ की शूटिंग कर रहे हैं। सामाजिक मुद्दों को पर्दे पर उतारने के लिए पहचान बना चुके झा की मौजूदगी ने जयपुर में फिल्म इंडस्ट्री की गतिविधियों को और रफ्तार दे दी है।

हनु रोज की पहल, फिल्म टूरिज्म को मिलेगी नई दिशा

मुलाकात के दौरान राजस्थान की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों को फिल्म पर्यटन से जोड़ने की संभावनाओं पर विस्तार से बातचीत हुई। हनु रोज का मानना है कि राज्य में फिल्म शूटिंग, फिल्म फेस्टिवल और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा गतिविधियों को बढ़ावा देकर राजस्थान को ग्लोबल फिल्म मैप पर मजबूती से स्थापित किया जा सकता है।

शूटिंग से मिलेगा स्थानीय कलाकारों और कारोबार को फायदा

बता दें कि राजस्थान की खूबसूरत लोकेशन्स लंबे समय से फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद रही हैं। ऐसी शूटिंग गतिविधियों से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों के साथ-साथ होटल, ट्रांसपोर्ट और पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी सीधा फायदा मिलता है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलती है।

"राजस्थान हर फिल्ममेकर का है" - हनु रोज

हनु रोज ने इस मौके पर कहा कि राजस्थान जितना यहां के लोगों का है, उतना ही देश के हर फिल्मकार का भी है। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माताओं को बेहतर माहौल और सहयोग देना राज्य के पर्यटन और क्रिएटिव इकोनॉमी के लिए बेहद जरूरी कदम है, जिससे भविष्य में और बड़े प्रोजेक्ट्स राजस्थान का रुख करेंगे।