सलमान की SVC63 में बड़ा ट्विस्ट, जैकी श्रॉफ की एंट्री ने बढ़ाई फैंस की उत्सुकता
सलमान खान और नयनतारा की अगली फिल्म को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। शूटिंग फ्लोर पर पहुंचे जैकी श्रॉफ के किरदार को लेकर अब हर कोई जानना चाहता है कि आखिर उनकी कहानी में भूमिका क्या होगी।
अनन्य सोच। वामशी पेडिपल्ली की SVC63 में अब जैकी श्रॉफ की भी एंट्री हो गई है। यह एक्शन एंटरटेनर फिलहाल शूटिंग फ्लोर पर है और ईद 2027 पर दुनियाभर में रिलीज होने की तैयारी है। मीडिया रिपोर्ट व सूत्रों के मुताबिक जैकी ने मुंबई में सलमान के साथ शूटिंग शुरू कर दी है। खास बात यह है कि जैकी का किरदार नेगेटिव नहीं होगा, बल्कि कहानी को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है। मेकर्स का दावा है कि उनके सीन्स दर्शकों को खासा पसंद आएंगे।
फिल्म में विलेन के किरदार में राहुल देव, अभिमन्यु सिंह और अरविंद स्वामी नजर आएंगे। मल्टी-स्टारर इस फिल्म का भारतीय शेड्यूल अगस्त के अंत तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसी बीच नितेश तिवारी की रामायणम् भी रिलीज से पहले रिकॉर्ड बनाने की राह पर है। फिल्म को भारत में करीब 9 हजार और इंटरनेशनल मार्केट में 50 हजार स्क्रीन्स पर उतारा जाएगा, यानी कुल मिलाकर करीब 59 हजार स्क्रीन्स — जो अब तक की सबसे बड़ी ग्लोबल थिएट्रिकल रिलीज होगी। तुलना करें तो पुष्पा 2 करीब 12-13 हजार और RRR करीब 10-11 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थीं, जबकि हॉलीवुड की अवतार: द वे ऑफ वॉटर लगभग 52 हजार स्क्रीन्स तक पहुंची थी।
फिल्म को 50 भाषाओं में रिलीज करने के लिए नमित मल्होत्रा की DNEG कंपनी की AI तकनीक ब्रह्मा AI का इस्तेमाल किया जा रहा है। रामायणम् 8 नवंबर को भारत में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।