'स्कैम 1992' के बाद अब आया 'स्कैम 2010': महत्वाकांक्षा और पतन की नई कहानी लेकर लौटे हंसल मेहता, सिद्धार्थ बोडके निभाएंगे लीड रोल

बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने SonyLIV के लिए शुरू की 'स्कैम 2010' की शूटिंग, छोटी सेविंग्स स्कीम से बड़े कारोबारी साम्राज्य तक की कहानी करेगी हैरान

Aug 13, 2026 - 08:03
Aug 13, 2026 - 17:44
 0
'स्कैम 1992' के बाद अब आया 'स्कैम 2010': महत्वाकांक्षा और पतन की नई कहानी लेकर लौटे हंसल मेहता, सिद्धार्थ बोडके निभाएंगे लीड रोल

अनन्य सोच । स्कैम 1992' ने जब दर्शकों के दिलों पर राज किया था, तभी से फैंस को इस फ्रेंचाइज के अगले चैप्टर का बेसब्री से इंतजार था। अब वो इंतजार खत्म हो गया है। बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने मिलकर SonyLIV के लिए 'स्कैम 2010' की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है, और इसकी कमान एक बार फिर उन्हीं हाथों में है, जिन्होंने पहले पार्ट को यादगार बनाया था।

नेशनल अवॉर्ड विजेता डायरेक्टर हंसल मेहता एक बार फिर डायरेक्शन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार सीरीज की मुख्य भूमिका में नजर आएंगे एक्टर सिद्धार्थ बोडके, जो इस किरदार के जरिए दर्शकों के सामने एक नई और दमदार छवि पेश करने की तैयारी में हैं।

लेकिन सवाल यह है कि आखिर 'स्कैम 2010' की कहानी किस पर आधारित है? रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सीरीज एक ऐसे विशाल कारोबारी साम्राज्य की कहानी बयां करेगी, जिसकी शुरुआत बेहद मामूली तरीके से एक छोटी सेविंग्स स्कीम से हुई थी। लेकिन धीरे-धीरे यह साम्राज्य किस तरह फैलता गया और आखिरकार किन वजहों से इसका पतन हुआ, यही इस सीरीज की जान होगी।

सीरीज सिर्फ एक बिजनेस साम्राज्य के उदय और पतन की कहानी नहीं है, बल्कि यह इंसानी स्वभाव की गहराइयों में भी झांकती है। यह दिखाएगी कि कैसे संघर्ष, महत्वाकांक्षा और प्रभाव धीरे-धीरे एक इंसान को ताकत की ओर ले जाते हैं, और फिर वही ताकत कैसे अनजाने में अहंकार का रूप धारण कर लेती है।

डायरेक्टर हंसल मेहता ने इस प्रोजेक्ट को लेकर अपनी बात रखते हुए कहा कि यह सीरीज महत्वाकांक्षा, प्रभाव और उसके पीछे-पीछे चलने वाले अहंकार की गहन कहानी है। वहीं लीड रोल निभा रहे सिद्धार्थ बोडके ने अपने किरदार को बेहद जटिल और चुनौतीपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के गहरे और परतदार किरदार को पर्दे पर उतारना उनके लिए एक बेहद रोमांचक और यादगार अनुभव रहा है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि 'स्कैम 1992' जैसी सफलता को यह नई सीरीज कैसे दोहराती है।