डायन है या दुल्हन? यामी गौतम की 'नई नवेली' का रहस्य दशहरा पर खुलेगा

परफेक्ट बहू के पीछे छिपा है कौन सा राज? यामी गौतम धर की नई फिल्म 'नई नवेली' 16 अक्टूबर को इसी सस्पेंस के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।

Aug 21, 2026 - 07:40
Aug 21, 2026 - 08:38
 0
डायन है या दुल्हन? यामी गौतम की 'नई नवेली' का रहस्य दशहरा पर खुलेगा

अनन्य सोच। इस दशहरा दर्शकों को मिलने वाला है एंटरटेनमेंट का एक अनोखा डोज़। Amazon MGM Studios और Colour Yellow की साझेदारी में बनी फिल्म 'नई नवेली' 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी। एक्ट्रेस यामी गौतम धर इस फैंटेसी फैमिली ड्रामा में लीड रोल में नजर आएंगी, और इस बार उनका किरदार पहले से बिल्कुल अलग रंग लिए हुए है।

कहानी घूमती है एक ऐसी नई-नवेली दुल्हन के इर्द-गिर्द, जो शादी के बाद मेरठ के एक अजीबोगरीब और बिखरे हुए परिवार में कदम रखती है। शुरुआत में वह हर किसी का दिल जीत लेती है — सुलझी हुई, समझदार और परफेक्ट बहू की छवि लिए। मगर धीरे-धीरे कहानी करवट लेती है। उसका देवर महसूस करने लगता है कि इतनी परफेक्शन असल में हो ही नहीं सकती, और उसके मन में सवाल उठता है — क्या भाभी सच में इंसान हैं, या फिर कोई डायन?

यही सस्पेंस फिल्म की जान है। हास्य, रिश्तों की नोकझोंक और फैंटेसी के तड़के के साथ यह कहानी दर्शकों को आखिर तक बांधे रखने का दावा करती है। फिल्म का डायरेक्शन बालाजी मोहन ने किया है, वहीं स्टोरी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा की कलम से निकली है। प्रोड्यूसर हैं आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा, जबकि म्यूजिक की कमान जी.वी. प्रकाश कुमार के हाथों में है।

Amazon MGM Studios के निखिल मधोक ने बताया कि जब टीम को फिल्म का फाइनल कट देखने को मिला, तो सबको यकीन हो गया कि यह दशहरा जैसे त्योहार के लिए बिल्कुल परफेक्ट फिल्म है। प्रोड्यूसर्स का दावा है कि यह फिल्म पूरे परिवार के साथ बैठकर देखने लायक है — जिसमें कॉमेडी भी है, रोमांच भी और एक ऐसा रहस्य भी, जो अंत तक दर्शकों को उलझाए रखेगा।

अब सबकी नजरें 16 अक्टूबर पर टिकी हैं, जब यामी गौतम धर की यह मिस्ट्री-कॉमेडी बड़े पर्दे पर अपना जादू बिखेरेगी।