भंसाली की 'Love And War' की शूटिंग पूरी, 'असुर सीजन 3' का भी शुरू हुआ नया सफर
बॉलीवुड और OTT की दुनिया से एक साथ दो बड़ी खबरें सामने आई हैं। जहां संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'Love And War' की शूटिंग आखिरकार पूरी हो गई है, वहीं दूसरी ओर हिट क्राइम थ्रिलर सीरीज 'Asur' के तीसरे सीजन की शूटिंग शुरू हो चुकी है।
दो साल बाद पूरी हुई 'Love And War' की शूटिंग
अनन्य सोच। संजय लीला भंसाली की महत्वाकांक्षी फिल्म 'Love And War' को लेकर फैंस के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल स्टारर इस फिल्म की करीब दो साल से चल रही शूटिंग अब पूरी हो गई है। शूटिंग रैप होने के बाद फिल्म की पूरी टीम ने बेहद भावुक अंदाज में एक-दूसरे को विदाई दी। लंबे समय तक साथ काम करने के बाद कलाकारों और यूनिट मेंबर्स के लिए यह पल खासा इमोशनल रहा। अब भंसाली और उनकी टीम फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन काम में जुट जाएंगे। गौरतलब है कि शूटिंग के दौरान फिल्म के शेड्यूल और रिलीज डेट को लेकर कई बार खबरें सामने आती रही थीं। पहले इसे 2026 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन शूटिंग में देरी के चलते डेट आगे बढ़ानी पड़ी। अब मेकर्स ने फिल्म को 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में उतारने की तैयारी कर ली है, हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर अभी तक सस्पेंस बरकरार है।
'असुर 3' में फिर लौटेंगे अरशद वारसी और बरुण सोबती
दूसरी बड़ी खबर वेब सीरीज 'Asur' से जुड़ी है, जिसके तीसरे सीजन की शूटिंग शुरू हो चुकी है। अरशद वारसी और बरुण सोबती एक बार फिर अपने चर्चित किरदार फॉरेंसिक एक्सपर्ट धनंजय राजपूत और निखिल नायर की भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि इस सीजन में एक बड़ा बदलाव भी देखने को मिलेगा। पहले दोनों सीजन डायरेक्ट कर चुके ओनी सेन इस बार निर्देशन की कुर्सी पर नहीं होंगे, उनकी जगह सीरीज के क्रिएटर और लेखक गौरव शुक्ला खुद निर्देशन संभालेंगे।
दिसंबर तक पूरी होगी शूटिंग, 2027 में होगी रिलीज
रिपोर्ट्स के मुताबिक 'Asur 3' की शूटिंग 30 अगस्त से मुंबई में शुरू हो चुकी है और अगले तीन महीनों तक टीम अलग-अलग शहरों में शूटिंग करेगी। मेकर्स दिसंबर तक शूटिंग पूरी करने के लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं, जिसके बाद सीरीज को 2027 के मध्य तक जियोहॉटस्टार पर रिलीज करने की योजना है। हालांकि आधिकारिक रिलीज डेट को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।