14 साल बाद फिर गूंजेगी शेखर सुमन की आवाज़ ‘शेखर टुनाइट’ से करेंगे धमाकेदार वापसी, बिना स्क्रिप्ट और दिल से होगी बातचीत

May 14, 2026 - 09:19
 0
14 साल बाद फिर गूंजेगी शेखर सुमन की आवाज़ ‘शेखर टुनाइट’ से करेंगे धमाकेदार वापसी, बिना स्क्रिप्ट और दिल से होगी बातचीत

Ananya soch: भारतीय टेलीविजन की दुनिया में अपनी बेबाक मेजबानी, शानदार हाज़िरजवाबी और गहरी बातचीत के लिए मशहूर Shekhar Suman एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट रहे हैं। करीब 14 साल बाद वह अपने नए लेट-नाइट टॉक शो ‘शेखर टुनाइट’ के साथ वापसी कर रहे हैं। यह शो सिर्फ सेलिब्रिटी इंटरव्यू तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें भावनाओं, सच्चाई और इंसानी रिश्तों की अनकही परतें देखने को मिलेंगी।

आज के ‘वायरल दौर’ में सच्ची बातचीत का दावा

‘शेखर टुनाइट’ को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शो का पहला लुक और ऑफिशियल ट्रेलर बड़े स्तर पर डिजिटल और आउटडोर कैंपेन के जरिए लॉन्च किया गया, जिसने पुराने दौर की यादें ताज़ा कर दीं। एक समय था जब शेखर सुमन अपने व्यंग्य, हास्य और बेबाक सवालों से टीवी इंडस्ट्री में अलग पहचान रखते थे। अब वही अंदाज़ नए दौर में फिर देखने को मिलेगा।

आज जब अधिकांश टॉक शो केवल वायरल क्लिप्स और तैयार स्क्रिप्ट तक सीमित हो चुके हैं, वहीं ‘शेखर टुनाइट’ खुद को एक ईमानदार और स्वाभाविक बातचीत वाला मंच बता रहा है। शो के मेकर्स का दावा है कि यहां बातचीत बिना किसी दिखावे और बनावटीपन के होगी।

“कैमरे को भूल जाएं, वही सबसे सच्चा पल होता है”

अपनी वापसी को लेकर शेखर सुमन ने कहा कि यह शो उनके लिए सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि भावनाओं और इंसानी अनुभवों का मंच है। उन्होंने कहा कि सबसे असरदार बातचीत वही होती है, जब लोग कैमरे की मौजूदगी भूल जाते हैं। बातचीत के बीच आने वाली खामोशियां, अचानक की हंसी और अनकहे जज़्बात ही किसी इंटरव्यू को यादगार बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि इतने वर्षों बाद वह फिर ऐसा मंच लेकर आना चाहते थे, जहां अभिनय से ज्यादा भावनाओं और दिखावे से ज्यादा ईमानदारी को महत्व मिले।

अध्ययन सुमन बोले- “एक लीजेंड की वापसी”

शो के क्रिएटर Adhyayan Suman ने इसे अपने जीवन का बेहद खास प्रोजेक्ट बताया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि उस आवाज़ और दौर की वापसी है जिसने भारतीय टेलीविजन में बातचीत के अंदाज़ को नई दिशा दी थी। अध्ययन ने कहा कि उन्होंने बचपन से शेखर सुमन का जादू करीब से देखा है और आज भी उनकी हाज़िरजवाबी और संवाद शैली लोगों को प्रभावित करती है। उन्होंने शो के निर्माता धर्मेश संगानी और पूरी टीम का भी आभार जताया।

बिना स्क्रिप्ट के होगी खुली बातचीत

‘शेखर टुनाइट’ को संगानी ब्रदर्स और कॉबल्ड स्ट्रीट के बैनर तले तैयार किया गया है। निर्माता धर्मेश संगानी ने कहा कि शेखर सुमन हमेशा से उनके लिए एक लीजेंड रहे हैं और उनके साथ काम करना गर्व की बात है। शो में बातचीत पूरी तरह नैचुरल और अनस्क्रिप्टेड होगी, जिससे दर्शकों को कलाकारों का असली व्यक्तित्व देखने का मौका मिलेगा।

ट्रेलर रिलीज़ के बाद सोशल मीडिया पर भी शो को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। लंबे समय बाद शेखर सुमन की वापसी को दर्शक टीवी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा कमबैक मान रहे हैं।